City Headlines

Home » मुख्तार की 36 घंटे में फिर हालत बिगड़ी, गंभीर स्थिति में बांदा मेडिकल कॉलेज में भर्ती

मुख्तार की 36 घंटे में फिर हालत बिगड़ी, गंभीर स्थिति में बांदा मेडिकल कॉलेज में भर्ती

by City Headline

लखनऊ। बांदा जेल में बंद बाहुबली नेता मुख्तार अंसारी की 36 घंटे में फिर तबीयत बिगड़ने की जानकारी सामने आई है। गंभीर स्थिति में उसे जेल प्रशासन ने बांदा के मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। डॉक्टरों की टीम उसकी देखभाल कर रही है। उसके परिजन इसकी जानकारी के बाद बांदा के लिए गाजीपुर से चल चुके हैं।

दो दिन पहले मुख्तार अंसारी को रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज में इलाज के लिए भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों की देखभाल के बाद मुख्तार को वापस बांदा जेल भेज दिया गया था। गुरुवार शाम को उसकी तबीयत फिर बिगड़ गई। आनन-फानन में जेल प्रशासन ने मुख्तार को बांदा के रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज में लाकर भर्ती कराया। इस बारे में किसी भी तरह की जानकारी देने से जेल प्रशासन और जिला प्रशासन मीडिया से बचता रहा।

सूत्रों का दावा है कि इस बार मुख्तार अंसारी को जेल में दिल का दौरा पड़ा है। हार्ट अटैक के बाद उसे तुरंत जेल प्रशासन ने इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा। मेडिकल कॉलेज के बाहर पुलिस की भारी व्यवस्था की गई है। देर शाम तक अस्पताल में बांदा के जिला अधिकारी और पुलिस अधीक्षक भी मौजूद रहे। जानकारों का दावा है कि मुख्तार अंसारी की तबीयत काफी खराब है। दो दिन पहले जब उसे जेल से मेडिकल कॉलेज लाया गया था, तब उसके लीवर में भी गड़बड़ी की बात सामने आई थी।

Subscribe News Letter

Copyright © 2022 City Headlines.  All rights reserved.