मेरठ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि डबल इंजन की सरकार में सभी वर्गों को सम्मान मिल रहा है। माफिया रसातल में जा रहे हैं। उन्होंने मुजफ्फरनगर जनपद के शुक्रतीर्थ में गंगा की धारा को लाने की योजना शुरू की। मुख्यमंत्री ने कहा कि 100 वर्ष पुराने वृक्षों को विरासत वृक्ष के रूप में सम्मान दिया जाए। प्रदेश में चल रहे वृक्षारोपण अभियान में प्रत्येक व्यक्ति को एक वृक्ष लगाकर उसका संरक्षण करना चाहिए।
मुजफ्फरनगर जनपद के शुक्रतीर्थ में शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वृहद वृक्षारोपण अभियान का शुभारंभ किया। इसके बाद जनसभा में मुख्यमंत्री ने कहा कि मां गंगा की पावन धारा शुक्रतीर्थ से होकर बहने का सपना साकार हो रहा है। सबसे पहले भगवान शुकदेव के मुख से इसी धरती पर राजा परीक्षित ने श्रीमदभागवत कथा सुनी थी। यहां पर पांच हजार वर्ष पुराना अक्षय वट है। कई पीढ़ियों के उत्थान-पतन को इस पवित्र वृक्ष ने देखा है। हमारी बहुत समृद्ध विरासत है। यह इतिहास बनाने वाली भूमि है। शुक्रतीर्थ की तरह बिजनौर की विदुर कुटी को भी गंगा की धारा मिलेगी। हम इसका भी सर्वे करके आए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विकास की नई राह पर बढ़ रहा है। काशी विश्वनाथ धाम का पुनर्रोद्धार, केदारपुरी, सोमनाथ, महाकाल के पुनर्रोद्धार का कार्य भी सम्पन्न हुआ है। अयोध्या में भव्य श्रीराम मंदिर बन रहा है। यह काम 2014 से पहले भी हो सकता था, लेकिन पहले की सरकारों में लोगों की आस्था और विरासत को सम्मान देने की इच्छा थी। विकास की प्रक्रिया को भी आगे नहीं बढ़ाया। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बेटियों की सुरक्षा पर ग्रहण लग गया था। यहां से पलायन होता था। युवा बेरोजगार था। अब बेटियों से छेड़छाड़ करने वाला रसातल में जाएगा। यहां अब कोई पलायन नहीं करा सकता है। व्यापारियों को सुरक्षा की गारंटी डबल इंजन की सरकार दे रही है। पलायन कराने वाले खुद पलायन कर गए। गरीब कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से हर तबके का विकास हो रहा है।
शुक्रतीर्थ विकास परिषद खोलेगा विकास के नए-नए मार्ग
मुख्यमंत्री ने कहा कि शुक्रतीर्थ विकास परिषद बनेगी। संतों की आस्था को सम्मान मिलेगा। विकास के नए मार्ग भी खोलेगा। विकास के कार्यक्रम आगे बढ़ेंगे। एक जिला एक उत्पाद में मुजफ्फरनगर के गुड़ की मिठास पूरी दुनिया में छा गई है। अब कांवड़िये सम्मान के साथ चल रहे हैं और उन पर पुष्पवर्षा की जाती है। पहले वोट बैंक खिसकने के डर से कांवड़ियों को रोका जाता था। ऐसे लोगों को जनता ने सत्ता से ही खिसका दिया है। हमें भारत पर गर्व की अनुभूति करनी चाहिए। हमारी समृद्ध विरासत को आगे बढ़ाने के लिए विकास की आवश्यकता है। इसके लिए लोगों के घर में खुशहाली लाने के लिए विकास के मार्ग खोलने होंगे। विकास के लिए पैसे की कोई कमी नहीं है। सुरक्षा और समृद्धि का मार्ग प्रशस्त किया जाएगा।
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि डबल इंजन सरकार बोलती नहीं है, करके दिखाती है। मुजफ्फरनगर की जनता ने ट्रिपल इंजन के रूप में भाजपा को चुना है। गरीबों के हक पर डकैती डालने वाले माफिया का सफाया किया जा रहा है। उनके लिए डबल इंजन सरकार महाकाल है।
मुख्यमंत्री ने पौधरोपण का किया शुभारंभ
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिह शुक्रतीर्थ के स्वामी कल्याण देव हेलीपैड पर हेलीकॉप्टर से उतरे। इस दौरान भाजपा नेताओं और संतों ने स्वागत किया। शुक्रदेव परिसर में मुख्यमंत्री ने पंचवटी वाटिका में पांच पौधों का रोपण करके वृहद पौधरोपण अभियान का शुभारंभ किया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने स्वामी कल्याण देव के समाधि मंदिर पर पीठाधीश्वर स्वामी ओमानंद महाराज के साथ श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद मुख्यमंत्री ने अक्षय वट वृक्ष की परिक्रमा की और शुकदेव मंदिर में पूजन किया। यहां से मुख्यमंत्री स्वामी ओमानंद की कुटिया में गए।
विरासत वृक्षों का संरक्षण करके सम्मान कीजिए
मुख्यमंत्री ने कहा कि 100 वर्ष पुराने वृक्ष को काटिये मत। उसे विरासत वृक्ष के रूप में सम्मान दीजिए। आज पूरे प्रदेश में करोड़ों पौधे लगाए जा रहे हैं। ग्लोबल वार्मिंग के कारण आज कहीं बाढ़ आ रही है तो कहीं सूखा पड़ रहा है। अधिक से अधिक वृक्ष लगाए। वृक्ष लगाने के साथ-साथ उनकी सुरक्षा भी की जाए। सभी वर्गों के द्वारा पौधे लगाए जा रहे हैं। फलदार वृक्ष लगाए जाने चाहिए। इससे प्रकृति की सुंदरता बनी रहेगी। वृक्षारोपण का अभियान बहुत महत्वपूर्ण है। प्रत्येक व्यक्ति एक वृक्ष अवश्य लगाए। सरकार के मंत्री अलग-अलग जनपदों में वृक्षारोपण अभियान चला रहे हैं।
241 करोड़ 64 लाख रुपए की 77 परियोजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण
मुख्यमंत्री ने सभास्थल पर 241 करोड़ 64 लाख रुपए की 77 परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। उन्होंने शुक्रतीर्थ में गंगा का पानी लाने की योजना का बटन दबाकर शुभारंभ किया। इस दौरान वीडियो के जरिए लेआउट का प्रदर्शन किया गया। जनसभा को केंद्रीय मंत्री डॉ. संजीव बालियान, कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने भी संबोधित किया।
सात्विकता और लोक कल्याण का प्रतीक हैं महात्मा विदुर : योगी आदित्यनाथ
बिजनौर। सुरक्षा हमारी पहली प्राथमिकता है, इससे कोई समझौता नहीं होगा। सुरक्षा में सेंध लगाने वाले को क्या कीमत चुकानी पड़ेगी इसको वे भली-भांति जानते हैं। उक्त बातें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बिजनौर के विदुर कुटी आश्रम पर एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहीं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को बिजनौर से वृक्षारोपण महाभियान 2023 का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने गंगा किनारे कल्पवृक्ष का पौधा रोपित किया। इससे पूर्व उन्होंने विदुर कुटी में राजकीय संस्कृत इंटर कॉलेज की भूमि का शिलान्यास किया।
मुख्यमंत्री ने विदुर कुटी का उल्लेख करते हुए कहा कि यह महाभारत की तपोभूमि है जहां विदुर जी के आश्रम पर भगवान श्री कृष्ण ने दुर्योधन के मालपुए न खाकर विदुर जी का साग स्वीकार किया था। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने 445 करोड़ की परियोजना का लोकार्पण किया।
मुख्यमंत्री योगी ने मां गंगा को देवी स्वरूप बताते हुए कहा कि महाभारत काल में विदुर आश्रम के साथ गंगा बहती थी। आज इस भागीरथी कार्य में फिर एक बार गंगा को इसी मार्ग पर लाने के लिए एक बड़ा प्रोजेक्ट तैयार किया गया है जिसके बाद गंगा जी विदुर कुटी होकर जा सकेगी। मुख्यमंत्री की इस घोषणा का जनसमूह ने करतल ध्वनि से स्वागत किया।
योगी ने कहा कि बिजनौर से आज पौधारोपण की शुरुआत की जा रही है। पूरे प्रदेश में 30 करोड़ पौधारोपण किया जाएगा। प्रदेश में 100 करोड़ पौधारोपण का लक्ष्य है जिसकी अगली कड़ी में 15 अगस्त को पाचं करोड़ पौधारोपण किया जाएगा। वृक्षों को जीवनदायिनी बताते हुए उन्होंने कहा की आज का पौधा रोपण अगली पीढ़ी के लिए लाभप्रद होगा।
मुख्यमंत्री ने सभी नागरिकों से अपील की कि वह एक पौधा अवश्य लगाएं तथा उसका संरक्षण भी करें। उन्होंने कहा कि 100 वर्ष के वृक्ष को विरासत की श्रेणी में रखा गया है, उन्हें संरक्षण देने के लिए सरकार पूरा ध्यान दे रही है। वृक्ष हमें कुपोषण से बचाते हैं। उन्होंने कहा कि वृक्षों को हम देवों के समक्ष रखकर पूजते हैं क्योंकि पर वृक्ष पर्यावरण शुद्धि के साथ हमें ऑक्सीजन प्रदान करते हैं।
मुख्यमंत्री ने विदुर कुटी क्षेत्र में संस्कृत महाविद्यालय खोलने की भी घोषणा की। अपने 23 मिनट 50 सेकंड के संबोधन में मुख्यमंत्री ने किसानों, स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़कों के विकास पर बोलते हुए कहा कि बिजनौर पौड़ी राजमार्ग फोरलेन शीघ्र तैयार होगा। उन्होंने कहा कि आवागमन अच्छी श्रेणी का हो तो निवेश बड़े स्तर पर संभव है। बिजनौर का उल्लेख करते हुए कहा कि यहां से 10 हजार करोड़ का निवेश अनुबंध किया गया है। डबल इंजन की सरकार जनता को हर प्रकार से सुरक्षा, विकास तथा समृद्धि देने का काम कर रही है।
बिजनौर में निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज का उल्लेख करते हुए योगी ने कहा की आगामी सत्र में इसको शुरू कर दिया जाएगा ताकि छात्रों को प्रवेश मिल सके। मुख्यमंत्री ने प्रशासन को सचेत करते हुए कहा की विकास कार्यों में गुणवत्ता मानक का विशेष ध्यान रखा जाए।
इससे पूर्व जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने मोदी तथा योगी को तपस्वी बताते हुए कहा कि एक दिन का भी अवकाश न लेकर यह जन सेवा के लिए रात-दिन लगे हुए हैं। मुख्यमंत्री अपने पिताजी के स्वर्गवास में भी नहीं गए। जन कार्यों में उस दौरान भी व्यस्त रहें। उन्होंने कहा कि 2017 से पहले कश्यप, त्यागी, सैनी की बेटियां उठा ली जाती थी। आज कोई छेड़ने की हिम्मत नहीं कर सकता है। पहले कांवरियों पर प्रतिबंद्ध लगता था लेकिन आज फूल बरसाए जाते हैं। वहीं वन पर्यावरण मंत्री अरुण कुमार सक्सेना ने इस दौरान पेड़ लगाओ देश बचाओ का नारा दिया।
इस मौके पर भाजपा के जिलाध्यक्ष सुभाष बाल्मीकि, पूर्व सांसद भारतेंद्र सिंह, पूर्व सांसद यशवंत सिंह, साकेन्द्र प्रताप सिंह, पूर्व मंत्री अशोक कटारिया, विधायक अशोक राणा, ओम कुमार, सूची चौधरी, सुशांत सिंह, पूर्व विधायक कमलेश सैनी सहित बड़ी संख्या में भाजपा नेता मौजूद रहे।