City Headlines

Home » यूपी: खिलाड़ी कोटे में चयनित 227 आरक्षियों को मिला नियुक्ति पत्र

यूपी: खिलाड़ी कोटे में चयनित 227 आरक्षियों को मिला नियुक्ति पत्र

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, यह खिलाड़ियों की प्रदेश में अब तक की सबसे बड़ी नियुक्ति

by City Headline
Lok Bhavan, CM, Yogi, Player Quota, Constable, Divya Kakran, Medal, UP, UP Police

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को यहां लोकभवन में खिलाड़ी कोटे में चयनित 227 आरक्षियों को नियुक्ति पत्र वितरित किये। इनमें से 137 पुरुष और 90 महिलाएं हैं। चयनित अभ्यर्थियों में कई राज्यों के युवा शामिल हैं।

Lok Bhavan, CM, Yogi, Player Quota, Constable, Divya Kakran, Medal, UP, UP Police

इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश के युवाओं में खेल को लेकर एक अलग ऊर्जा का संचार हुआ है। आज हम प्रतिभावान खिलाड़ियों को पुलिस बल का हिस्सा बना रहे हैं। सभी अभ्यर्थियों और उनके परिजनों को शुभकामनाएं देता हूं। यह उप्र की अब तक की सबसे बड़ी नियुक्ति है, जिसमें इतनी बड़ी संख्या में खिलाड़ियों को नौकरी दी गयी है। आज दिव्या काकरन को नायब तहसीलदार के पद पर नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी की गयी है।
जिनका वेरिफिकेशन हुआ, उन्‍हें मिला नियुक्ति पत्र

उन्होंने बताया कि खिलाड़ी कोटे से 479 खिलाड़ियों का चयन हुआ है। 304 पुरुष और 175 महिला खिलाड़ी हैं। इनमें यूपी से 371 खिलाड़ी हैं। इसके अलावा महाराष्ट्र, गुजरात, मध्य प्रदेश, उत्तराखण्ड, कर्नाटक, केरल समेत कई अन्य राज्यों के खिलाड़ियों का चयन हुआ है। इसमें अंतराराष्ट्रीय, राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी शामिल हैं। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि 227 का वेरिफिकेशन हुआ है। इसलिए उन्हें आज नियुक्ति पत्र दिया जा रहा है। इनमें से 137 पुरुष और 90 महिलाएं हैं।
150 प्रशिक्षकों की तैनाती होगी 
नवचयनितों को नसीहत देते हुए मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि आप उत्तर प्रदेश पुलिस बल का हिस्सा बनने जा रहे हैं। आमतौर पर सरकारी नौकरी मिलने के बाद लोग शिथिल पड़ जाते हैं। सोचते हैं कि अब तो नौकरी मिल ही गयी है। यह ठीक नहीं है। आगे भी आपको ऐसे ही अनुशासित रहते हुए कठिन परिश्रम करना चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि 150 प्रशिक्षकों की तैनाती करने जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि पिछले छह वर्ष में खेल गतिविधियां बढ़ी हैं। प्रदेश सरकार ने खेल अवस्थापना के लिए नए प्रयास किये हैं। विद्यालय के आसपास खेल मैदान होना जरूरी किया है। हर ब्लॉक में एक मिनी स्टेडियम और हर जनपद में एक स्टेडियम हमने बनवाने के लिए निर्देश दिये हैं। ग्रामीण क्षेत्र में ग्राम प्रधान और शहरी क्षेत्र में पार्षद निधि से ओपन जिम निर्माण के कार्य हो रहे हैं।

अब तक 65 हजार स्पोर्ट्स किट युवक मंगल दल और महिला मंगल दल को दिये जा चुके हैं। उत्तर प्रदेश एकमात्र राज्य है, जिसने टोक्यो ओलम्पिक और पैरा ओलम्पिक खिलाड़ियों प्रतिभागियों का सम्मान किया। एशियन गेम्स और कॉमनवेल्थ गेम्स के लिए भी पुरस्कृत किये गये।

कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार गिरीश चंद्र यादव समेत अन्य लोग मौजूद रहे। इस मौके पर अपर मुख्य सचिव नवनीत सहगल, पुलिस महानिदेशक विजय कुमार, प्रमुख सचिव गृह संजय प्रसाद, प्रशांत कुमार समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
आज दूसरे राज्यों के युवा यूपी से खेलना चाह रहे : पहलवान दिव्या काकरन
पहलवान दिव्या काकरन ने कहा कि उनके पिता मजदूरी करते थे। वह पहलवानी के क्षेत्र में आईं। बहुत चुनौतियों का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा कि मैं मेडल लेकर आई तो मुझे उप्र सरकार ने 50 लाख रुपये और नायब तहसीलदार के पद पर सीधी भर्ती दी। पहले यूपी के बच्चे दूसरे राज्यों से खेलने को मजबूर होते थे। उप्र की परिस्थितियां बदली हैं। आज दूसरे राज्यों के युवा हमारे प्रदेश से खेल रहे हैं। यह सब उप्र में योगी आदित्यनाथ के मुख्यमंत्री बनने के बाद हुआ है। दिव्या ने मुख्यमंत्री योगी और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को धन्यवाद दिया और मेडल लाने का आश्वासन भी दिया।

Subscribe News Letter

Copyright © 2022 City Headlines.  All rights reserved.