कोलकाता। कोलकाता पुलिस के हरिदेवपुर थाने में पहुंची महिला को अश्लील प्रस्ताव देने वाले थाना प्रभारी को सस्पेंड कर दिया गया है। थाना प्रभारी का नाम मोइनुल हक है। दावा है कि महिला थाने में एक शिकायत करने आई थी। इसके बाद थाना प्रभारी ने उसे अश्लील प्रस्ताव दिया। इसके बाद पीड़िता ने तुरंत लाल बाजार स्थित पुलिस मुख्यालय में फोन कर घटना की जानकारी दी] जिसके बाद मोइनुल हक को सस्पेंड कर जांच शुरू की गई है।
क्या है मामला
पुलिस सूत्रों ने बताया है कि महिला के घर पारिवारिक विवाद को लेकर रोज ही लड़ाई-झगड़े होते थे। इसके बाद उसने हरिदेवपुर थाने में ड्यूटी ऑफिसर मोइनुल हक से मुलाकात कर शिकायत करनी चाही थी। आरोप है कि शिकायत दर्ज करने के नाम पर मोइनुल हक ने महिला का पता और फोन नंबर ले लिया। उसके बाद उसे कई बार हक ने फोन किया। उसने महिला को बाहर मुलाकात करने और कई अन्य अश्लील प्रस्ताव दिए। इस पर भी जब बात नहीं बनी तो मोइनुल हक उसके घर जा पहुंचे और इसी तरह का प्रस्ताव देने लगा। इसके बाद महिला ने 100 नंबर डायल किया और पूरी घटना की जानकारी दी। पुलिस मुख्यालय में तत्काल इससे संबंधित शिकायत दर्ज कर ली गई और मोइनुल हक को सस्पेंड कर दिया गया है।
बुधवार को कोलकाता पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि एक दिन पहले ही हक को सस्पेंड करने का निर्णय लिया गया है। उनके खिलाफ जांच भी शुरू की गई है। अगर साक्ष्य मिलते हैं तो और कठोर कार्रवाई होगी।