किश्तवाड़। जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले के ढंगडेरू इलाके में बुधवार सुबह सड़क हादसे में सात लोगों की मौत हो गई। यह जानकारी पुलिस ने दी। केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने ट्वीट कर इस हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने किश्तवाड़ के जिला उपायुक्त से बात कर पीड़ितों की हर संभव मदद करने का आग्रह किया है।
पुलिस के मुताबिक बुधवार सुबह पक्कलढुल पावर प्रोजेक्ट के कर्मचारी और मजदूर एक वाहन से इखाला से सिबड़भत्ती को जा रहे थे। ढंगडेरू इलाके के पास वाहन पलट कर खाई में गिर गया। हादसे में सात लोगों की जान चली गई और अन्य कई लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।