City Headlines

Home » पीएम मोदी ने राजस्थान में कहा, कांग्रेस सरकार के सभी घोटालों की कराएंगे जांच, मिलेगी सजा

पीएम मोदी ने राजस्थान में कहा, कांग्रेस सरकार के सभी घोटालों की कराएंगे जांच, मिलेगी सजा

by City Headline
Jhunjhunu, PM, Congress, Gehlot, BJP, Narendra Modi, Churu, Jhunjhunu, public meeting, corruption, Shekhawati

झुंझुनू। प्रधानमंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता नरेन्द्र मोदी ने रविवार को राजस्थान के चूरू जिले के तारानगर और झुंझुनू जिले में चुनावी जनसभाओं को संबोधित किया। झुंझुनू शहर की चुनावी सभा में प्रधानमंत्री ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि परोपकार की परंपरा शेखावाटी के स्वभाव में है। यहां के लोग जो कमाते हैं वह समाज को लौटते भी हैं। आज देश भी शेखावाटी की इस परंपरा को अपना रहा है।

मोदी ने राजस्थान के पहले व देश के दूसरे परमवीर चक्र विजेता हवलदार मेजर पीरू सिंह शेखावत को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि शेखावाटी के वीर जवानों के कारण ही भारत की सीमाओं की रक्षा हो रही है। यहां के बहादुर जवान देश की सीमा की रक्षा में कोई कसर नहीं रखते हैं। यहां के जवान जब सीमा प्रदेश की रक्षा करते हैं तो देशवासी सुख की नींद लेते हैं। मोदी ने कहा कि हमने पूर्व सैनिकों की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए पिछले 40 वर्षों से लंबित वन रैंक वन पेंशन की मांग को पूरा कर पूर्व सैनिकों को बहुत बड़ी राहत प्रदान की है। भाजपा सरकार द्वारा अब तक वन रैंक वन पेंशन योजना में पूर्व सैनिकों को करीबन 90 हजार करोड रुपये का भुगतान किया जा चुका है। केंद्र सरकार आगे भी सैनिकों के साथ है तथा उनकी सभी समस्याओं के निराकरण के लिए प्रतिबद्ध है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि शेखावाटी का झुंझुनू जिला किसानों, उद्योगपतियों का जिला है। इसी जिले के किसान के घर में जन्मे जगदीप धनखड़ आज देश के उप राष्ट्रपति बने हैं जो पूरे देश के लिए गौरव की बात है। हमारी सरकार ने जगदीप धनखड़ जैसे किसान पुत्र को उप राष्ट्रपति पद पर बैठा कर देश के किसानों का सम्मान किया है। कांग्रेस ने तो जगदीप धनखड़ को उप राष्ट्रपति बनने का भी जमकर विरोध किया था। इतना ही नहीं कांग्रेस के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत तो जगदीप धनखड़ के राजस्थान आने पर भी विरोध कर रहे हैं, जो उनकी ओछी मानसिकता का परिचायक है। राजस्थान का कोई भी व्यक्ति अपने घर-गांव रिश्तेदारों के पास कहीं भी जा सकता है तो उप राष्ट्रपति बनने के बाद जगदीप धनखड़ जी क्यों नहीं जा सकते हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि आप देश में कहीं भी चले जाएं आपको झुंझुनू का रहने वाला हर जगह मिल जाएगा। दीपावली पर जब मैं सैनिकों के साथ सीमा पर दीपावली मनाने के लिए गया तो वहां भी झुंझुनू जिले के बहुत से जवानों ने मुझसे मिलकर खुशी महसूस की। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने देश के लोगों को मुफ्त राशन की गारंटी दी है। हमने देश की 80 करोड़ लोगों को मिलने वाले मुफ्त राशन की समय सीमा 5 साल और बढ़ा दी है, जिससे उनके घर का चूल्हा नियमित जल सके।

राजस्थान में कांग्रेस सरकार बनने पर अब तक जितने भी घोटाले हुए हैं, हम उन सबकी जांच करवाएंगे और जो भी दोषी है उनको सजा मिलेगी। आज राजस्थान में डीजल, पेट्रोल गुजरात, उत्तर प्रदेश, हरियाणा की तुलना में 12 रुपये अधिक महंगा मिल रहा है। भाजपा की सरकार बनते ही पेट्रोलियम पदार्थों की दरों की समीक्षा कर उनकी दरों को समान किया जाएगा, जिससे प्रदेश के सभी लोगों को फायदा होगा।

मोदी ने कहा कि राजस्थान का एक मंत्री कहता है कि यह मर्दों का प्रदेश है इसलिए स्त्रियों पर अत्याचार होते रहेंगे और कांग्रेस के बड़े नेता उनके बयान पर तालियां बजाते हैं। इतना ही नहीं उस मंत्री को इस चुनाव में फिर से कांग्रेस ने टिकट देकर चुनाव मैदान में उतार दिया है। ऐसे बयान देने वाले नेताओं की कांग्रेस पार्टी प्रदेश में महिलाओं को कितनी सुरक्षा दे पाएगी यह उनके बयान से ही पता लग जाता है। मुख्यमंत्री गहलोत खुद को जादूगर कहते हैं। उन्होंने अपनी जादूगरी से प्रदेश में भ्रष्टाचार का ऐसा मायाजाल फैलाया दिया है जिससे प्रदेश की पूरी जनता त्रस्त नजर आ रही है।

मोदी ने कहा कि राजस्थान सरकार के संरक्षण में भर्ती परीक्षाओं के पेपर लीक होना आम बात हो गई थी। यहां पेपर लीक करवाने में बड़े राजनीतिक नेताओं का संरक्षण प्राप्त था। जब बड़े-बड़े कोचिंग संस्थानों पर छापे मारे गए तो मुख्यमंत्री के करीबी बड़े-बड़े लोगों के नाम सामने आए हैं।

मोदी ने कहा कि कांग्रेस भ्रष्टाचार की जननी है। जहां-जहां कांग्रेस की सरकार होगी वहां वहां भ्रष्टाचार चरम पर होगा। केंद्र में 10 सालों तक कांग्रेस की सरकार ने जमकर भ्रष्टाचार किया। हमारी पार्टी की सरकार बनने के बाद हमने कांग्रेस द्वारा शुरू किए गए भ्रष्टाचार के गंदे नालों को साफ करना शुरू किया है और आज देश में आम लोगों तक सीधे उनके बैंक खातों में पैसे ट्रांसफर हो रहे हैं। प्रधानमंत्री ने जनता से हाथ उठाकर सभी भाजपा प्रत्याशियों को जिताने की अपील की।

मोदी के दौरे से भाजपा कार्यकर्ताओं में एक नया जोश भर गया है। जिले की सभी सातों सीटों पर भाजपा प्रत्याशी पूरी मजबूती से चुनाव लड़ रहे हैं। प्रधानमंत्री का दौरा उनके लिए एक नई संजीवनी साबित होगा। झुंझुनू हवाई पट्टी पर पहुंचने पर प्रधानमंत्री मोदी का केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, झुंझुनू के सांसद एवं मंडावा से प्रत्याशी नरेंद्र कुमार खीचड़ सहित सभी सातों प्रत्याशियों एवं पार्टी पदाधिकारियों ने माल्यार्पण कर स्वागत किया। मोदी ने सड़क हादसे में मृत 6 पुलिसकर्मियों को भी श्रद्धांजलि दी। ये पुलिसकर्मी झुंझुनू में मोदी की सभा में ड्यूटी के लिए जा रहे थे।

मोदी के शेखावाटी क्षेत्र के दौरे से भाजपा ने चुरू जिले की 6 और झुंझुनू जिले की 7 सीटों को साधने का काम किया। पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा 13 में से मात्र चार सीट ही जीत सकी थी। इस बार भाजपा का लक्ष्य पहले से कहीं अधिक सीटें जीतने का है। इसीलिए प्रधानमंत्री का दौरा करवाया गया है।

Subscribe News Letter

Copyright © 2022 City Headlines.  All rights reserved.