City Headlines

Home » मुंबई इंडियंस के ड्रेसिंग रूम का हर क्रिकेटर हिस्सा बनना चाहता है: हरभजन सिंह

मुंबई इंडियंस के ड्रेसिंग रूम का हर क्रिकेटर हिस्सा बनना चाहता है: हरभजन सिंह

by Rashmi Singh

नई दिल्ली । रविवार को प्रतिष्ठित वानखेड़े स्टेडियम दो बड़े अवसरों का जश्न मनाएगा । आईपीएल 2023 में रविवार की शाम को मुंबई इंडियंस का सामना राजस्थान रॉयल्स से होगा।
आज 30 अप्रैल की रात दर्शकों के लिए दोहरी खुशी होने वाली है, पहला आईपीएल अपने ऐतिहासिक 1000वें मैच की मेजबानी करने के लिए तैयार है, दूसरा मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा आज अपने 36वें जन्मदिन पर अपने घरेलू मैदान पर खेलेंगे। आईपीएल 2023 भले ही मुंबई इंडियंस और रोहित शर्मा के लिए यादगार न रहा हो, लेकिन यह टीम जानती है कि वापसी कैसे करनी है।
भारत के पूर्व क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग का दावा है कि लगातार दो मैच हारने के बावजूद मुंबई इंडियंस अब भी वापसी करने में सक्षम है और कप्तान रोहित शर्मा को कोई अनुचित दबाव नहीं लेना चाहिए।
स्टार स्पोर्ट्स के शो क्रिकेट लाइव में सहवाग ने कहा, “मुंबई निश्चित रूप से दो मैच हार चुका है, लेकिन उनके लिए सब खत्म नहीं हुआ है। रोहित को कप्तानी के दबाव में नहीं आना चाहिए और अपना खेल खुलकर खेलना चाहिए। इस टीम में वापसी करने की क्षमता है। यह टीम अभी भी प्लेऑफ़ के लिए क्वालीफाई कर सकती है।”
भारत के पूर्व क्रिकेटर इरफान पठान का मानना है कि मुंबई इंडियंस टाटा आईपीएल 2023 में संघर्ष कर रही है क्योंकि उनके गेंदबाज नए बल्लेबाजों पर दबाव बनाए रखने में असमर्थ हैं।
इरफान ने कहा, “मुंबई गेंदबाजों के साथ समस्या यह है कि वे नए बल्लेबाजों को जमने दे रहे हैं। उन्होंने अनकैप्ड बल्लेबाजों को भी आक्रामक रूप से खेलने की अनुमति दी है। पीयूष चावला को छोड़कर लगभग हर गेंदबाज ने सही एरिया में लगातार गेंदबाजी नहीं की।”
भारत के पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह भी वीरेंद्र सहवाग की राय से सहमत थे और कहा कि मुंबई इंडियंस की विरासत ऐसी है कि हर खिलाड़ी इस फ्रेंचाइजी का हिस्सा बनना चाहता है और टाटा आईपीएल 2023 में इसे पुनर्जीवित करना रोहित की जिम्मेदारी होगी।
हरभजन ने कहा, “मुंबई की एक अलग विरासत रही है। हर क्रिकेटर इस फ्रेंचाइजी का हिस्सा बनने की इच्छा रखता है। हालांकि इस साल स्थिति थोड़ी बदल गई है, रोहित पर इस विरासत को पुनर्जीवित करने की जिम्मेदारी है। वे उनके पास कई युवा और प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं। अब इन खिलाड़ियों को तैयार करना उनका काम है।”

Subscribe News Letter

Copyright © 2022 City Headlines.  All rights reserved.