गुना। गुना में 15 साल की छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म के एक आरोपी का कहना है कि वह तो सिर्फ दोस्त के बुलाने पर मदद करने गया था। वह निर्दोष है। उसे पूरी बात पता होती तो वह नहीं जाता। आरोपी अब पुलिस की गिरफ्त में है।
घटना गुना के चांचौड़ा इलाके की है। शुक्रवार देर शाम 10वीं की छात्रा एक मकान में बेहोश मिली थी। शनिवार तक पुलिस ने इस मामले में 7 आरोपियों पर गैंगरेप का केस दर्ज किया है। अब तक 6 आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं। एक आरोपी ने वीडियो जारी कर खुद को निर्दोष बताया। इसके कुछ देर बाद ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
छठवां आरोपी सोमवार को गिरफ्तार
गैंगरेप मामले में छठवें आरोपी को पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी अभिषेक को गुना से गिरफ्तार किया गया। इस मामले में अब तक 6 आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं। वारदात को लेकर 7 आरोपी बनाए गए हैं। इनमें 5 नामजद और 2 अज्ञात हैं। 5 आरोपी पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके थे। इनमें दो नाबालिग भी हैं। इन दोनों को बाल सुधार गृह भेज दिया गया है, जबकि बाकी तीन आरोपियों का पुलिस को कोर्ट से रिमांड मिला है। इधर, गुना जिला अस्पताल में छात्रा की हालत अब पहले से बेहतर बताई जा रही है। आज सुबह उसने नाश्ता किया।