अहमदाबाद,। गुजरात विधानसभा चुनाव की तारीख नजदीक आने के साथ ही दल बदलने का सिलसिला भी तेज हो गया है। सौराष्ट्र में अहिर समाज के अग्रणी और पूर्व सांसद स्वर्गीय जशु बारड के भाई भगाभाई बारड ने कांग्रेस को एक और बड़ा झटका दिया है। वह इस्तीफा देने के बाद भाजपा में शामिल हो गए हैं। गिर सोमनाथ जिले की तलाला विधानसभा सीट से विधायक भगाभाई का परिवार वर्षों से कांग्रेस से जुड़ा है। स्वर्गीय जशु बारड और भगा बारड के पिता धानाभाई बारड भी कांग्रेस नेता रहे हैं।
खनिज चोरी मामले में हुई थी सजा
गत 1 मार्च, 2018 को सूत्रापाडा कोर्ट ने बारड को 1995 के खनिज चोरी के मामले में दो साल 9 महीने की सजा सुनाई थी। करीब 29 साल पहले सूत्रापाडा की गौचर जमीन के मामले में बारड के खिलाफ 2.83 करोड़ की खनिज चोरी का अपराध दर्ज किया था। इसके बाद उनकी विधानसभा की सदस्यता निलंबित कर दी गई थी। बाद में वे हाईकोर्ट गए तो सजा पर स्टे मिला था।
कांग्रेस प्रवक्ता ने किए सवाल
भगाभाई बारड के कांग्रेस छोड़ने पर कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता डॉ. मनीष दोशी ने कई सवाल पूछे हैं। उन्होंने कहा कि भगा बारड के साथ कांग्रेस का शीर्ष नेतृत्व खड़ा था। उन्होंने कहा कि भगाभाई को खुलासा करना चाहिए कि उन्हें क्या तकलीफ थी। कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के विश्वास के बाद वे क्यों कांग्रेस छोड़ रहे हैं, यह उन्हें बताना चाहिए।
सुखराम के इस्तीफे की अटकलों पर विराम
गुजरात कांग्रेस के दिग्गज नेता और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सुखराम राठवा के इस्तीफे की अटकलों पर फिलहाल विराम लग गया है। 10 बार के कांग्रेस विधायक मोहन राठवा के कांग्रेस छोड़ भाजपा में जाने की खबर के बाद सुखराम राठवा को लेकर चर्चा का दौर शुरू हो गया था। बुधवार को सुखराम राठवा ने पत्रकारों को बताया कि वे कांग्रेस नहीं छोड़ेंगे। उन्होंने कहा कि मोहनसिंह राठवा हमारे वरिष्ठ नेता हैं, हमारे संबंधी भी हैं। वे निजी कारणों से कांग्रेस छोड़कर गए हैं। मोहन राठवा उन्हें मार्गदर्शन देते थे।