City Headlines

Home Gujrat रूपाणी और नितिन पटेल ने चुनाव लड़ने से किया इनकार

रूपाणी और नितिन पटेल ने चुनाव लड़ने से किया इनकार

दोनों नेताओं ने प्रदेश अध्यक्ष को पत्र लिखकर जाहिर की इच्छा

by Suyash

अहमदाबाद । गुजरात विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा के उम्मीदवारों की पहली सूची जारी होने से पहले राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी और पूर्व उपमुख्यमंत्री नितिन पटेल ने इस बार चुनाव नहीं लड़ने की घोषणा की है। दोनों नेताओं ने इस संबंध में प्रदेश अध्यक्ष सीआर पाटिल को पत्र लिखकर जानकारी दी है। दोनों नेताओं के टिकट कटने की पहले से संभावना जताई जा रही थी। इसके अलावा पूर्व मंत्री भूपेन्द्रसिंह चूडास्मा ने भी चुनाव लड़ने से इनकार किया है।
विजय रूपाणी राजकोट पश्चिम से दूसरी बार विधायक चुने गए हैं, जबकि नितिन पटेल मेहसाणा सीट से विधायक हैं। गुजरात की पूर्व मुख्यमंत्री आनंदी पटेल के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद विजय रूपाणी को गुजरात का मुख्यमंत्री बनाया गया था। पिछले साल 2021 में उन्हें अचानक सत्ता से बेदखल कर दिया गया था। इसके बाद भूपेन्द्र पटेल को गुजरात का मुख्यमंत्री बनाया गया था। इसके अलावा नितिन पटेल 1990 से भाजपा के विधायक हैं। आनंदी पटेल और विजय रूपाणी सरकार में वे उपमुख्यमंत्री थे।