City Headlines

Home Delhi गुजरात: आप विधायक ने दिया इस्तीफा, भाजपा से चुनाव लड़ने के आसार

गुजरात: आप विधायक ने दिया इस्तीफा, भाजपा से चुनाव लड़ने के आसार

by City Headline
Gujarat, Aam Aadmi Party, MLA, AAP, Resignation, Speaker, Ahmedabad, Junagadh, Visavadar Seat, Bhupatbhai Bhayani

अहमदाबाद। जूनागढ़ जिले की विसावदर सीट से आम आदमी पार्टी (आप) विधायक भूपतभाई भयाणी ने बुधवार को विधानसभा अध्यक्ष शंकर भाई चौधरी को विधायक के पद से अपना इस्तीफा सौंप दिया। भयाणी गुजरात में आप के 5 विधायकों में से एक थे। उनके इस्तीफे की खबर मंगलवार से चर्चा में थी, जब उन्होंने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सीआर पाटिल से मुलाकात की थी।

आप विधायक भूपत भयाणी जूनागढ़ की विसावदर विधानसभा सीट से गत विधानसभा चुनाव में विजयी हुए थे। उन्होंने हर्षद रिबडिया को हराया था। लोगों की सेवा के कारण क्षेत्र में 108 एम्बुलेंस के रूप में उनकी पहचान है। बुधवार सुबह उन्होंने विधायक पद से अपना इस्तीफा विधानसभा अध्यक्ष शंकर भाई चौधरी को सौंपा। अध्यक्ष ने उनका इस्तीफा मंजूर कर लिया है।

मीडिया से बातचीत में भयाणी ने कहा कि वे राष्ट्रवादी व्यक्ति हैं और उन्हें जनता का काम करना है। उन्होंने कहा कि वे पहले भाजपा के कार्यकर्ता थे। भाजपा में उन्होंने 22 साल तक कार्यकर्ता के रूप में काम किया है। सभी कार्यकर्ताओं के साथ बातचीत कर उन्होंने यह निर्णय किया है। भयाणी ने कहा कि आप में उन्हें योग्य प्लेटफार्म नहीं मिला, समय पर राजनीतिक निर्णय लेना पड़ता है। मैंने आप से भी इस्तीफा दे दिया है। मैं भाजपा का कार्यकर्ता था, मुझे निलंबित किया गया था लेकिन वह संवैधानिक पद था। भयाणी ने कहा कि उन पर किसी का दबाव नहीं है। भयाणी के भाजपा में शामिल होने की प्रबल संभावना है।