City Headlines

Home Agra सुशासन के कारण आज जवाहर बाग की सूरत बदल चुकी है: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

सुशासन के कारण आज जवाहर बाग की सूरत बदल चुकी है: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

मुख्यमंत्री ने कृष्ण-बलराम मंदिर का फीता काटकर किया उद्घाटन, ब्रज की धरती भगवान की लीला भूमि के साथ गौसेवा की भूमि भी बने

by City Headline
Good Governance, Jawahar Bagh, Surat, Temple, Inauguration, Chief Minister, Yogi, Adityanath

मथुरा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को जिले की छाता तहसील के ग्राम आझई में इस्कॉन वेदांता द्वारा बनाये गए कृष्ण-बलराम मंदिर का उद्घाटन फीता काट कर किया। इस दौरान उन्होंने गुरुकुल स्कूल के निरीक्षण के बाद गौ सेवा भी की।
मुख्यमंत्री योगी ने इस अवसर पर आयोजित जनसभा में कहा कि सुशासन के कारण आज जवाहर बाग की सूरत बदल चुकी है। कल मैं यहां एक कार्यक्रम में आया था। ये वही जवाहर बाग है, जहां सात साल पहले क्या हुआ था, सबको पता है। आज क्या माहौल है, सब देख रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब अच्छे लोग शासन में आएंगे तो परिणाम और प्रभाव आपके सामने दिखाई पड़ेंगे।
योगी ने कहा कि ब्रज की धरती भगवान के अवतार की धरती है। यहां से संतों ने वैश्विक स्तर पर पहचान बनाई। हमारा दायित्व है कि ये धरती भगवान की लीला भूमि के साथ गौ सेवा की भूमि भी बने। भारतीय नस्ल के गोवंश से न केवल दुग्ध पदार्थ बल्कि सीएनजी भी बन रही है। बदायूं में पेंट बन रहा है। इस काम को आगे बढ़ाने की जरूरत है। प्राकृतिक कृषि को प्रधानता देनी होगी। उन्होंने सभा का संबोधन हरे कृष्ण के महामंत्र के साथ करते हुए कहा कि गुरुकुल आकर अच्छा लगा। यहां कण-कण में भगवान बांकेबिहारी का वास है। ये बड़ी उपलब्धि है कि कृष्ण-बलराम मंदिर के साथ-साथ डेयरी प्लांट का भी उद्घाटन हुआ है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस्कॉन की स्थापना प्रभुपाद ने की थी। वे संन्यासी थे। हरे कृष्ण मूवमेंट से सनातन संस्कृति का प्रचार किया। अपने गुरु के आदेश पर दुनिया में कृष्ण भक्ति आंदोलन को फैलाया। श्रीमद्भागवत गीता और श्रीकृष्ण की लीला, उनकी भक्ति का प्रचार किया। आज करोड़ों अनुयायी भक्ति की बड़ी ताकत से जुड़े हैं। प्रभुपाद ने 108 मंदिर बनाए थे और आज हजारों मंदिर बने हैं। ये मंदिर दुनियाभर में श्रीकृष्ण की भक्ति का प्रचार-प्रसार कर रहे हैं। मंदिर में कृष्ण-बलराम की प्रतिमा के साथ दुग्ध प्लांट है। उन्नत गौवंश गौशाला में मौजूद हैं। हमें भारतीय नस्ल की उन्नत गौवंश के लिए कार्य करना है। वेटेरिनरी विवि में ये काम हो रहा है। आज गाय निराश्रित सड़कों पर घूमती हैं। कई बार ये दंगों का कारण बनती हैं। सरकार ने अनेक योजना चलाई हैं। नौ लाख से अधिक गौवंश की देखभाल सरकार कर रही है।
मुख्यमंत्री ने जिस मंदिर का उद्घाटन किया है वह भक्ति वेदांत गुरुकुल एवं इंटरनेशनल स्कूल परिसर में स्थित। उन्होंने यहां पूजन किया। यहां गुरुकुल की ओर से संचालित डेयरी प्लांट का उद्घाटन भी किया है। इस डेयरी प्लांट की क्षमता 25 हजार लीटर दूध प्रतिदिन की है। यहां पर गाय के दूध से उत्पाद तैयार किए जाएंगे। कार्यक्रम में सांसद हेमामालिनी भी उपस्थित रहीं।
उल्लेखनीय है कि जून 2016 में जवाहर बाग को कब्जामुक्त कराते हुए तत्कालीन पुलिस अधीक्षक (सिटी) मुकुल द्विवेदी और तत्कालीन थाना प्रभारी (फरह) संतोष यादव शहीद हो गए थे। जवाहर बाग हिंसा में 27 लोग भी मारे गए थे।