चंडीगढ़। पंजाब का भटिंडा शहर बुधवार को सवेरे तड़के गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंज उठा। लोग दहशत में आ गए। फायरिंग की यह घटना बठिंडा मिलिट्री स्टेशन के अंदर बुधवार तड़के करीब 04: 35 बजे हुई। गोलीबारी में चार जवानों की मौत हुई है। स्टेशन क्विक रिएक्शन टीमों को सक्रिय कर दिया गया। पूरे इलाके को घेर लिया गया और सील कर दिया गया। सर्च ऑपरेशन जारी है।
मिलिट्री स्टेशन में फायरिंग पर बठिंडा एसएसपी का बयान आया है। उन्होंने कहा कि मिलिट्री स्टेशन में फायरिंग आतंकी घटना नहीं है। यह आपसी फायरिंग का ही मामला हो सकता है। बताया जा रहा है कि बठिंडा मिलिट्री स्टेशन के अंदर से चार शव मिल चुके हैं। मारे गए चारों लोग 80 मीडियम रेजिमेंट के हैं।
बताया जा रहा है कि फायरिंग करने वाला सादे कपड़े में था। सूत्रों के अनुसार, बठिंडा मिलिट्री स्टेशन से मैगजीन के साथ एक इंसास राइफल दो दिन पहले गायब हुई थी। लापता हथियार की तलाश की जा रही है।