जयपुर। राजस्थान की पहली महिला बॉडी बिल्डर प्रिया सिंह के नाम से फर्जी फेसबुक ग्रुप बनाकर उसमें अश्लील कंटेंट पोस्ट करने का मामला सामने आया है। इस संबंध में प्रिया सिंह ने जयपुर आयुक्तालय के विशेष अपराध साइबर थाने में शिकायत दी है। पुलिस ने आईटी एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच में जुटी है।
पुलिस ने बताया कि थाने में महिला बॉडी बिल्डर प्रिया सिंह ने शिकायत दी है कि उनके नाम से फर्जी फेसबुक ग्रुप बनाकर उसमें अश्लील मैसेज आदि अपलोड कर उन्हें सार्वजनिक तौर पर बदनाम किया जा रहा है। आरोपित उनके असली फेसबुक पेज से फोटो लेकर उन फोटो को फर्जी ग्रुप पर लगाई है। इसके अलावा भी कई अन्य ग्रुप उनके नाम से चल रहे हैं। महिला बॉडी बिल्डर प्रिया सिंह की शिकायत पर आईटी एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आईपी एड्रेस के आधार पर फर्जी तरीके से ग्रुप बनाने वाले शख्स की पहचान की जा रही है।
महिला बॉडी बिल्डर प्रिया सिंह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गोल्ड की विजेता है। साथ ही बॉडी बिल्डर मिस राजस्थान 2018, 2019 व 2020 रही हैं। इसके अतिरिक्त वह ऐनिमल वेलफेयर का कार्य समाजसेवा के रूप में करती है। उन्हें वर्ल्ड वूमेन लीडरशिप अवार्ड भी मिला हुआ है।