मुंबई। इंग्लैंड को वनडे इतिहास में आज शनिवार को अपनी सबसे बड़ी हार का सामना करना पड़ा । टीम को वर्ल्ड कप में साउथ अफ्रीका ने 229 रन के बड़े अंतर से हरा दिया। मुंबई के वानखेड़े मैदान पर पहले बैटिंग करते हुए साउथ अफ्रीका ने तूफानी बैटिंग करते हुए 50 ओवर में 7 विकेट पर 399 रन बनाए। जवाब में इंग्लैंड की टीम केवल 22 ओवर में 170 रन बनाकर ढेर हो गई।
साउथ अफ्रीका से पहली पारी में हेनरिक क्लासन ने 109 रन बनाए, उन्होंने 61 बॉल पर सेंचुरी लगाई। इस प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड भी मिला। टीम से 3 खिलाड़ियों ने फिफ्टी भी लगाई। गेंदबाजों में जेराल्ड कूट्जी ने सबसे ज्यादा 3 विकेट लिए। वहीं यानसन ने 42 गेंद पर 75 रन बनाने के साथ 2 विकेट भी झटके।
वनडे में इंग्लैंड की यह सबसे बड़ी हार रही। इससे पहले साल 2022 में ऑस्ट्रेलिया ने उन्हें मेलबर्न के मैदान पर 221 रन से हराया था। वर्ल्ड कप में इंग्लैंड की सबसे बड़ी हार इससे पहले भी साउथ अफ्रीका के खिलाफ ही आई थी। टीम को 1999 में द ओवल के मैदान पर 122 रन से हार मिली थी। वर्ल्ड कप में इंग्लैंड टीम तीसरी बार ही 100 से ज्यादा रन के अंतर से हारी है।
पॉइंट्स टेबल में नीदरलैंड से भी नीचे पहुंचा डिफेंडिंग चैंपियन
वर्ल्ड कप 2019 की चैंपियन इंग्लैंड को टूर्नामेंट में तीसरी हार मिली। साउथ अफ्रीका से पहले उन्हें न्यूजीलैंड और अफगानिस्तान से भी हार मिली। टीम अब पॉइंट्स टेबल में केवल अफगानिस्तान से ही ऊपर 9वें नंबर पर है। 4 मैचों में एक जीत के बाद टीम के केवल 2 पॉइंट्स हैं। वहीं साउथ अफ्रीका 4 मैचों में 3 जीत के बाद 6 पॉइंट्स लेकर तीसरे नंबर पर है। न्यूजीलैंड पहले और भारत दूसरे नंबर पर है।
दक्षिण अफ्रीका और इंग्लैंड के मैच को लेकर लोगों में बहुत उत्साह देखा जा रहा था। टॉस जीतकर इंग्लैंड ने पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। डी कॉक 4 रन बनाकर आउट हुए लेकिन बाद में दक्षिण अफ्रीका ने धमाका कर दिया। रीज हेंड्रिक्स और वैन डर डुसेन ने मिलकर अर्धशतक जड़े और दक्षिण अफ्रीका के लिए शतकीय भागीदारी की। वैन डर डुसेन ने 60 रन बनाए और रीज हेंड्रिक्स ने 85 रनों की पारी खेली। उनके बाद हेनरिक क्लासेन ने तो अपने बल्ले से कोहराम मचा दिया। उन्होंने तूफानी अंदाज में बैटिंग करते हुए इंग्लिश गेंदबाजों की बखिया उधेड़ डाली। क्लासेन ने अपनी पारी में 61 गेंदों में ही सैकड़ा पूरा कर लिया।
मार्को यानसेन ने भी धमाका करते हुए हेनरिक के साथ तूफानी बैटिंग की। वह 42 गेंद में 75 रन बनाकर नाबाद लौटे। हेनरिक क्लासेन 109 पर आउट हो गए और दक्षिण अफ्रीका का स्कोर 7 विकेट पर 399 तक पहुंचा। इंग्लैंड के लिए रीस टॉपली ने सबसे ज्यादा 3 विकेट हासिल किये।
जीत के लिए 400 रन का टारगेट करने उतरी इंग्लैंड की शुरुआत बहुत खराब रही। बेयरस्टो 10 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद विकेटों की झड़ी लग गई। रूट 2 और मलान 6 रन बनाकर आउट हो गए। बेन स्टोक्स भी नहीं टिके और वह 5 रन के निजी स्कोर पर आउट होकर चलते बने। एक के बाद एक विकेट गिरते हुए इंग्लैंड की स्थिति खराब हो गई। 100 रन पर इंग्लिश टीम ने अपने 8 विकेट गंवा दिए थे। अंतिम समय में मार्क वुड और एटकिंसन ने अर्धशतकीय भागीदारी की। दोनों स्कोर 100 से 170 तक लेकर चले गए। इस बीच एटकिंसन 35 पर आउट हुए। टॉपली चोट के कारण खेलने नहीं आए और इंग्लिश पारी 170 पर समाप्त हो गई। मार्क वुड 43 पर नाबाद रहे। इंग्लैंड को 229 रनों से हार मिली, वर्ल्ड कप में यह उनकी सबसे बड़ी हार है। दक्षिण अफ्रीका के लिए कोएट्जी ने सबसे ज्यादा 3 विकेट झटके।