नई दिल्ली। दिल्ली नगर निगम चुनाव की मतगणना के प्रारंभिक रुझानों में भारतीय जनता पार्टी (BJP) आम आदमी पार्टी (AAP) से पीछे चल रही है। मतगणना के दौरान शुरुआती दौर में आम आदमी पार्टी को इन रुझानों को परिणाम में बदलने की चुनौती है। भाजपा सांसद प्रवेश वर्मा बीजेपी की जीत को लेकर आश्वस्त है।
पश्चिमी दिल्ली से भाजपा सांसद प्रवेश वर्मा ने बुधवार को कहा कि भाजपा एमसीडी चुनाव में जीत हासिल करने जा रही है। शुरुआती रुझान अंतिम परिणाम नहीं हैं। वर्मा ने कहा कि भाजपा की सीटें कम हो सकती हैं, लेकिन पार्टी पराजित नहीं होगी। उन्होंने कहा कि एमसीडी के अच्छे कामों को जनता नहीं भूलेगी। केजरीवाल की सरकार ने जनता से सिर्फ छल किया है। इस बात को जनता जानती है। उल्लेखनीय है कि आप अभी तक एमसीडी की 75 सीटें जीत चुकी है। वहीं भाजपा ने 55 सीटों पर जीत हासिल की है और कांग्रेस सिर्फ चार सीटों पर जीत हासिल कर सकी है। आप रुझानों में फिलहाल भाजपा से आगे चल रही है।