मुंबई। रत्नागिरी जिले के दापोली अर्बन बैंक में हुए करोड़ों रुपये के कथित घोटाला मामले में दापोली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) पार्षद अनवर राखांगे के बेटे फैजान राखांगे को गिरफ्तार किया है।
दापोली नगर पंचायत के निलंबित लेखपाल दीपक सावंत पर पंचायत में करोड़ों रुपये के भ्रष्टाचार का आरोप है। कहा जा रहा है कि इस पैसे का अर्बन बैंक में लेनदेन हुआ है। इस मामले में क्राइम ब्रांच ने सावंत को गिरफ्तार किया था। बाद में सावंत को जमानत मिल गई । क्राइम बांच की जांच में राकांपा पार्षद के बेटे का नाम आया। फैजान राखांगे कुछ दिनों से भारत से बाहर गए हुए थे। फैजान जैसे ही दापोली आए, क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि दीपक सावंत ने एक लाख रुपये से अधिक की राशि फैजान राखांगे के बैंक खाते में जमा कराई थी।