City Headlines

Home Delhi सीएम योगी ने यूपी के हर जिले से दिल्ली के लिए चलने वाली बसों को रवाना किया

सीएम योगी ने यूपी के हर जिले से दिल्ली के लिए चलने वाली बसों को रवाना किया

उत्तर प्रदेश बस सेवा की स्थापना के 50 वर्ष पूरे होने पर प्रदेशवासियों को तोहफा

by City Headline
CM, UP, Yogi Adityanath, Rajdhani bus service, green flag, Rajdhani Express, ordinary bus

लखनऊ। उत्तर प्रदेश परिवहन निगम शानदार सेवा को बढ़ाते हुए लगातार सेवा कर रही है। सुगम और सुरक्षित यात्रा हर नागरिक का अधिकार है। यह सरकार का दायित्व है कि यात्री जैसे अपेक्षा करता है, उसके लिए कर्तव्यों का निर्वहन करना चाहिए। यदि एक वर्ष यूपी के ही सड़क हादसे को देखा जाय तो कोरोना जैसी महामारी तीन साल में जितने लोगों की मौत नहीं हुई, उतनी मौत एक साल में सड़क हादसे में हो गयी है।

ये बातें उप्र के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को कही। उन्होंने 93 नई राजधानी सेवा एवं सात साधारण बीएस-6 बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना की। इस अवसर पर परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह भी थे। उत्तर प्रदेश बस सेवा की स्थापना के 50 वर्ष पूरे होने पर मुख्यमंत्री योगी ने 75 जिलों को राजधानी दिल्ली से जोड़ा। यूपी के यात्रियों के लिए इनमें 93 बसें राजधानी एक्सप्रेस हैं, जो यूपी के 75 जिलों से दिल्ली के लिए चलेंगी। वहीं सात साधारण बसें हैं, जो यूपी के अंदर चलेंगी। दिल्ली से दूर के जिलों के लिए दो-दो बसें चलेंगी। डिमांड के अनुसार इन बसों की संख्या बढ़ाई जाएगी। राजधानी एक्सप्रेस की बसों का किराया साधारण से 10 प्रतिशत ज्यादा होगा। ये स्टॉपेज कम लेंगी।
प्राइवेट ऑपरेटर को भी अपने साथ जोड़ें
उन्होंने कहा कि परिवहन निगम की शानदार यात्रा को आगे बढ़ा रहे हैं, वहीं ओड़िशा में कल हुए भीषण हादसे में लोगों ने जान गंवा दी है। उन सभी लोगों को संवेदना व्यक्त करता हूं। उन्होंने कहा कि प्राइवेट ऑपरेटर को भी अपने साथ जोड़ें, जिससे ज्यादा से ज्यादा पब्लिक ट्रांसपोर्ट यात्रियों को मिल सके। इलेक्ट्रिक बस सेवाओं की लगातार मांग बढ़ रही है। ज्यादा से ज्यादा ये बसें चलाई जाएंगी। अत्याधुनिक बस स्टेशन बनाए जाएंगे और यात्रियों को बेहतर सुविधा दी जाएगी। उन्होंने कहा कि गांव-गांव को रोडवेज बसों को जोड़ने की जरूरत है। इसमें प्राइवेट आपरेटर का भी सहयोग लेना चाहिए।
रेल दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया
मुख्यमंत्री योगी ने ओडिशा के बालासोर में हुई रेल दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा है कि जिन्होंने अपने परिजनों को खोया है, मैं अपनी तरफ से और प्रदेश वासियों की तरफ से सांत्वना व्यक्त करता हूं। जो यात्री घायल हुए हैं, उनके स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं। उन्होंने कहा कि यह बहुत ही दुखद घटना है। ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए हम सभी को सतर्क रहने की जरूरत है।
परिवहन विभाग ने 50 साल पूरे किए : परिवहन मंत्री
परिवहन मंत्री ने कहा कि परिवहन विभाग ने 50 साल पूरे किए हैं। योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में पिछले सालों में विभाग को बढ़ावा देने के लिए बहुत सारे काम किए हैं। उन्होंने आर्थिक सहायता दी, जिससे कि यूपी में 2000 बसें आईं। मुख्यमंत्री के सहयोग से पहली बार परिवहन फायदे में आया है। पहले जहां रोज 12 से 13 करोड़ की आय होती थी, अब वह आय 18 से 21 करोड़ के ऊपर तक पहुंच गई है
राजधानी बस सेवा का किराया 10% ज्यादा होगा
आम बसों की तुलना में राजधानी बस सेवा का किराया 10% ज्यादा होगा। समय से दिल्ली पहुंचे इसलिए इन बसों का स्टॉपेज बहुत कम होगा। यह अन्य बसों की तुलना में तेज चलेगी। ऐसे में कम समय में दिल्ली पहुंचेगी। प्रदेश के सभी जिला मुख्यालय से लखनऊ के लिए पहले बस सेवा शुरू की गई थी। अब दिल्ली के लिए यह सेवा शुरू की जा रही है। पहले दो जून को योगी आदित्यनाथ इन बसों को सीएम आवास से हरी झंडी दिखाने वाले थे। लेकिन, किसी कारणवश एक दिन के लिए कार्यक्रम टाल दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि इस दौरान नए सिरे से तैयार किए गए प्रदेश की कुछ बस डिपो का भी उद्घाटन किया जाएगा। परिवहन निगम के प्रवक्ता अजीत सिंह ने बताया कि शासन के ड्रीम प्रोजेक्ट में से यह योजना एक है। लोगों को आसान और सस्ती परिवहन सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।