रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री के रूप में बुधवार को भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता विष्णु देव साय ने शपथ ग्रहण की। शाम चार बजे हुए शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सहित पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे। सीएम साय के साथ अरुण साहू और विजय शर्मा को राज्य के डिप्टी सीएम के पद की शपथ दिलाई गई।
विष्णु देव साय भाजपा के राज्य के पहले आदिवासी सीएम हैं। राज्य के तीन बार मुख्यमंत्री रह चुके रमन सिंह अब छत्तीसगढ़ विधानसभा के स्पीकर होंगे। नौ मिनट में समाप्त हुए शपथ ग्रहण समारोह में भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, असम के मुख्यमंत्री हिमंत विस्व सरमा के अलावा राज्य के निवर्तमान सीएम भूपेश बघेल आदि भी मौजूद रहे।