City Headlines

Home MADHYA PRADESH बागेश्वर धाम पहुंचे भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने गाए भोजपुरी गाने

बागेश्वर धाम पहुंचे भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने गाए भोजपुरी गाने

छतरपुर: नवकुंडीय अन्नपूर्णा महायज्ञ में अनूप जलोटा भी शामिल हुए और भजन सुनाए

by City Headline
Chhatarpur, BJP, MP, Bhojpuri singer, Manoj Tiwari, Bageshwar Dham, Dhirendra Shastri, Anoop Jalota

छतरपुर। भाजपा सांसद और भोजपुरी गायक मनोज तिवारी बुधवार देर शाम मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में स्थित बागेश्वर धाम पहुंचे थे। यहां वे नवकुंडीय अन्नपूर्णा महायज्ञ में शामिल हुए और उन्होंने पंडित धीरेन्द्र शास्त्री से आशीर्वाद लिया। इस दौरान उन्होंने मंच से भोजपुरी गाने भी गाए। उनके भोजपुरी गानों पर मौजूद श्रद्धालु झूम उठे। साथ ही उन्होंने धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के हिंदू राष्ट्र के विचार का समर्थन किया। साथ ही हिंदू राष्ट्र को लेकर अपने विचार व्यक्त किए। इसके अलावा प्रख्यात भजन गायक अनूप जलौटा भी बागेश्वर धाम पहुंचे और उन्होंने भी अपने भजन गाकर श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।
उल्लेखनीय है कि बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्रीइन दिनों काफी चर्चाओं में हैं और उनकी लोकप्रियता भी बढ़ती जा रही है। इन दिनों बागेश्वर धाम में विश्व कल्याण और हिन्दू राष्ट्र की मनोकामना के लिए नवकुंडीय अन्नपूर्णा महायज्ञ किया जा रहा है। गत 13 फरवरी से शुरू हुआ यह धर्म महाकुंभ 18 फरवरी तक चलेगा. इसमें शामिल होने के लिए देशभर से चर्चित कथावचक और बाबाओं के आने का क्रम जारी है। देशभर से श्रद्धालु यहां पहुंच रहे हैं। इसे देखते हुए ही राजनीतिक पार्टियों के नेताओं का आने का क्रम भी जारी है।
भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने बागेश्वर धाम में मंच से बागेश्वर धाम की महिमा को गाकर सुनाया। उनके गाने सुनकर बागेश्वर धाम पहुंचे श्रद्धालु झूम उठे। इस मौके पर मनोज तिवारी ने कहा कि उन्होंने बागेश्वर धाम से भारत की संस्कृति के प्रसार की मन्नत मांगी। हिंदू राष्ट्र की बात पर उन्होंने कहा कि धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री सत्य सनातन को यूं ही आगे बढ़ाते रहें। हिंदू राष्ट्र पर उनके विचार अच्छे हैं।
धर्म महाकुंभ में कथा व्यास श्याम सुंदर पाराशर ने अपने प्रवचनों से जनमानस को रामकथा से जोड़ा। उन्होंने कहा रामजी आनंद के स्वरूप हैं और माता जानकी शांति की स्वरूप हैं। भी व्यक्ति सीताराम को एक निष्ठ होकर याद करता है उसके जीवन में आनंद और शांति अवश्य आती है। जीवन में एक संत, एक मंत्र, एक तंत्र, एक पंथ और एक ग्रंथ पर सर्वोपरि निष्ठा रखनी चाहिए। हनुमानजी रामजी की सेवा में एक निष्ठ हैं। वे महान कार्य करते हैं फिर भी उन्हें अभिमान छू नहीं पाता। हमारे शास्त्र जीवन के गूढ़ सूत्रों से भरे हुए हैं, जिस तरह समुद्र होता है उसी तरह शास्त्र होते हैं। और संत इन्हीं समुद्र रूपी शास्त्रों से बादल बनकर स्वच्छ और पावन जल लेकर आप पर उसकी वर्षा करते हैं।
बागेश्वर धाम में यज्ञ वेदी में वैदिक मंत्रों के साथ अग्नि प्रज्जवलित कर आहूतियां दी गईं। इस दौरान बागेश्वर धाम में सागर जिले के खुर्द गांव से आए 25 सदस्यीय जय महाकाल डमरू बैंड दल ने भी शानदार प्रस्तुति दी। बागेश्वर धाम में भजन गायक अनूप जलोटा ने भी भजनों की प्रस्तुति दी। उन्होंने अपने सबसे लोकप्रिय गीत ऐसी लागी लगन प्रस्तुत किया तो जनमानस झूम उठा। उन्होंने धार्मिक भजनों के साथ-साथ राष्ट्रभक्ति के गीत भी गाए। हिन्दू राष्ट्र निर्माण के संकल्प को समर्पित करते हुए उन्होंने एक भजन ये देश है वीर जवानों का गाया। भजन प्रस्तुति से पहले बालाजी के दर्शन कर पीठाधीश्वर धीरेंद्र शास्त्री से आशीर्वाद लिया।