City Headlines

Home Lucknow समरसता का सबसे बड़ा उदाहरण छठ महापर्व : योगी आदित्यनाथ

समरसता का सबसे बड़ा उदाहरण छठ महापर्व : योगी आदित्यनाथ

by City Headline
UP, Yogi Government, Citizen Convenience, Yamuna Expressway Industrial Development Authority YEIDA

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को यहां लक्ष्मण मेला स्थल पर आयोजित हो रहे छठ महोत्सव का शुभारम्भ करते हुए छठ पूजा की सभी को बधाई दी। उन्होंने कहा कि सभी श्रद्धालु एक साथ घाटों पर छठ माई की आराधना कर रहे हैं। यह छठ पर्व समरसता का सबसे बड़ा उदाहरण है। इस मौके पर उन्होंने आयोजन के बाद कार्यक्रम स्थलों पर स्वचछता अभियान चलाए जाने की अपील भी की।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह लोक आस्था का पर्व है। हम सब मिलकर एकजुट होकर प्रकृति के प्रति, स्वच्छता के प्रति और लोक आस्था के प्रति समर्पित भाव के साथ कार्य कर रहे हैं, उसका यह अद्भुत उदाहरण है। चार चरणों का यह व्रत है। अंत: और बाह्य शुद्धि का यह पर्व है। यह वातावरण शुद्धि का भी पर्व है। बिना शुद्धि के यह पर्व सफल नहीं है। गोमती नदी स्वच्छ दिखाई दे रही है। आज अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा। कल सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा। इसी प्रकार यह पर्व पूरी दुनिया में मनाया जा रहा है। यह हमारी संस्कृति की ताकत ही है।
उन्होंने कहा कि आस्था व्यक्तिगत विषय नहीं हो सकता। सूर्य हमारी परम्परा में जगत पिता कहे गए हैं। भगवान सूर्य के बगैर कुछ संभव नहीं है। यह पर्व सामाजिक समरसता का विषय भी है। याद रखना, ईश्वर की कृपा सबके लिए है। हमारी प्रकृति सबके लिए उपलब्ध है। मृत बच्चे को जीवन देने के साथ ही छठी माई की पूजा हजारों-हजार वर्ष पूर्व शुरू हुई। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम समापन के बाद आयोजन स्थल पर फिर से स्वच्छता अभियान चलाने की अपील की।
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि हम सबके घर में खुशहाली आए, इसके लिए माताएं बहनें यह कठिन व्रत रखी हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में हमारी सरकार छठ श्रद्धालुओं के लिए नदी के किनारों पर सुंदर व्यवस्था की गयी है। माताओं, बहनों और श्रद्धालुओं को छठ पर्व की ढेरों शुभकामनाएं है।
इस मौके पर उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, राज्यसभा सांसद अशोक बाजपेयी, विधान परिषद सदस्य गोविंद नारायण शुक्ल, महापौर संयुक्ता भाटिया, मुख्य सचिव दुर्गाशंकर मिश्र, प्रमुख सचिव गृह संजय प्रसाद, भोजपुरी समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रभुनाथ राय, महासचिव मनोज सिंह, समेत अन्य वरिष्ठजन व श्रद्धालु मौजूद रहे।