इटावा। उत्तर प्रदेश के इटावा जनपद के बसरेहर कस्बा के निवासी अंकुर गुप्ता ने जनपद का नाम एक बार फिर से रोशन कर दिया है। वैज्ञानिक अंकुर गुप्ता ने मिशन मंगल यान के बाद चंद्रयान-3 की टीम में शामिल होकर जनपद का नाम रोशन किया है। वैज्ञानिक अंकुर गुप्ता के परिवारीजन चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग और बेटे अंकुर के सफल भविष्य की कामना करते हुए पूजा अर्चना कर रहे हैं।
जनपद के बसरेहर कस्बा के निवासी सूरज प्रकाश गुप्ता के बेटे वैज्ञानिक डॉक्टर अंकुर गुप्ता पहले मिशन मंगलयान की टीम शामिल होने के बाद अब चंद्रयान -3 की स्ट्रक्चर टीम में शामिल हुए हैं। बचपन से पढ़ाई में तेज अंकुर गुप्ता ने अपनी मेहनत का लोहा चंद्रयान-3 की टीम में शामिल होकर मनवाया है। अंकुर गुप्ता के परिवारजन और इलाकाई लोग चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग के लिए हवन पूजन कर जश्न भी मना रहे हैं।
अंकुर गुप्ता के पिता सूरज गुप्ता ने बताया कि मेरा बेटा पहले मंगलयान में और उसकी पूरी टीम कामयाब हुई थी, इस बार चंद्रयान-3 में भी बेटा शामिल है, हम लोग सुबह से ही हवन पूजन और भगवान से प्रार्थना कर रहे हैं कि यह चंद्रयान-3 भी सफलता प्राप्त करे और चंद्रमा की धरती पर सुरक्षित लैंड करे। मां मिथलेश कुमारी ने कहा कि चंद्रयान-3 की सफलता मेरे बेटे और पूरी टीम को प्राप्त हो, ईश्वर से यही कामना कर रही हूं।
बड़े भाई संजीव गुप्ता ने बताया कि उनका छोटा भाई अंकुर शुरू से ही पढ़ने में टॉपर था और वैज्ञानिक कार्य में रुचि रखता था, उसके चलते मंगलयान में भी वह शामिल रहा और उसने सफलता को प्राप्त किया। इस बार में वह चंद्रयान-3 की टीम में शामिल है और हम सभी परिवारीजनों और पूरे बसरेहर कस्बा के लोगों की यही दुआ है कि यह सफल हो और भारत का नाम पूरे विश्व में रोशन हो। बताया कि चंद्रयान-3 सफलता के साथ चंद्रमा की धरती पर उतरता है तो पूरे इलाके में मिठाईयां बांटी जाएगी और भारत की जय-जयकार के नारे भी लगेंगे। वैज्ञानिक अंकुर गुप्ता की पत्नी दीक्षा भी वैज्ञानिक है और अपने पति की मेहनत की सफलता की कामना कर रही है।