नई दिल्ली। किसान गर्जना रैली में सोमवार को बड़ी संख्या में किसान दिल्ली के रामलीला मैदान में पहुंचे। भारतीय किसान संघ के नेतृत्व में आयोजित इस किसान गर्जना रैली के माध्यम से किसानों ने लागत के आधार पर लाभकारी मूल्य को लागू करने की मांग की है।
दिल्ली के रामलीला मैदान में पिछले एक सप्ताह से चल रही तैयारियां व्यापक स्तर पर रहीं, जो किसान पहले से राजधानी पहुंच गए थे, उन्होंने मैदान में पंडाल के नीचे पूरी रात गुजारी।
ये है प्रमुख मांग
01 – लागत के आधार पर लाभकारी मूल्य को लागू करें, तथा इसके मिलने को सुनिश्चित करें।
02- सभी प्रकार के कृषि आदानों पर जीएसटी समाप्त हो।
03- किसान सम्मान निधि में पर्याप्त बढ़ोतरी की जाए।
04- जीएम फसलों की अनुमति वापस ली जाए।
देशभर में हुए जन जागरण कार्यक्रम
किसान संघ का कहना है कि देशभर से करीब 560 जिलों की हजारों तहसीलों की 60 हजार से भी अधिक ग्राम समितियों में विगत चार माह से जन जागरण करते हुए आज दिल्ली के रामलीला मैदान में पहुंचे। जनजागरण कार्यक्रम के अंतर्गत करीब 20 हजार पदयात्रा, लगभग 13 हजार साइकिल यात्राएं, 18 हजार नुक्कड सभाएं, दक्षिण भारत के तेलंगाना, मध्य भारत के मध्य प्रदेश में बड़ी सभाएं आयोजित की गईं। किसान संघ के कार्यकर्ताओं द्वारा ग्राम संपर्क अभियान के अंतर्गत लाखों परिवारों तक पहुंचकर उन्हें किसानों की मांगों से अवगत कराया गया। देशभर से हजारों की संख्या में महिला किसान पूरे जोश और उत्साह के साथ किसान गर्जना रैली में सम्मिलित हुईं और नारा दिया नारी शक्ति जागेगी, सारी समस्या भागेगी।