लखनऊ। शाहजहांपुर की ददरौल विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी के विधायक मानवेंद्र सिंह का दिल्ली के एक अस्पताल में निधन हो गया। 70 साल के बीजेपी विधायक लम्बे समय से लिवर की बीमारी से ग्रसित थे और उनका दिल्ली के एक अस्पताल में इलाज चल रहा था। मानवेंद्र सिंह शाहजहांपुर की ददरौल विधानसभा सीट से विधायक थे।
लंबे समय से थी लिवर की बीमारी
बता दें कि मानवेंद्र सिंह शाहजहांपुर जिले की ददरौल विधानसभा से दूसरी बार भाजपा के टिकट पर विधायक बने थे। मानवेंद्र के बेटे अरविंद कुमार सिंह ने बताया कि उनके पिता का आज सुबह दिल्ली के एक अस्पताल में निधन हो गया। मानवेंद्र सिंह ने 70 साल की उम्र में आखिरी सांस ली। वह लिवर की समस्या से लंबे समय से पीड़ित थे।
गौरतलब है कि मानवेंद्र सिंह लंबे समय तक कांग्रेस में रहे और 2017 में भाजपा में आए और विधानसभा का चुनाव लड़ा। इसके बाद साल 2022 में भी भाजपा की टिकट पर उन्होंने ददरौल विधानसभा से चुनाव लड़ा और दूसरी बार भी विजय हासिल की। विधायक मानवेंद्र के देहांत पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शोक जताते हुये ‘X’ (पूर्व में ट्विटर) पर कहा, “उत्तर प्रदेश के ददरौल विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री मानवेंद्र सिंह जी का निधन अत्यंत दुःखद है। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें।ॐ शांति!”