City Headlines

Home Ayodhya गणेश जी की अयोध्या में गाय के गोबर से बनी मूर्तियों की मांग मुंबई तक

गणेश जी की अयोध्या में गाय के गोबर से बनी मूर्तियों की मांग मुंबई तक

by City Headline
Ayodhya, Ganesha, idols, Mumbai, cow dung, Shri Ram Janmabhoomi, trader

लखनऊ। श्रीराम नगरी अयोध्या में बन रही गणेश जी की मूर्तियों की मांग मुम्बई तक हो रही है। ये मूर्तियां गाय के गोबर से बनाई जा रही हैं।
अयोध्या के निवासी राजेन्द्र सिंह उपाख्य राजा ने बताया कि गाय के गोबर से भगवान गणेश जी समेत अन्य देवताओं की मूर्तियां बना रहे हैं, जिसकी मांग मुंबई के व्यापारियों तक हो रही है। बताया कि गणेश जी मूर्तियों के लिए मुंबई के कई व्यापारियों ने सम्पर्क किया है।
श्रीराम जन्मभूमि से 24 किलोमीटर दूर तहसील सोहावल के गांव कून्दूरखाखुर्द के राजेन्द्र सिंह निवासी हैं। उनकी इस कला को देखकर गांव के साथ ही आसपास के लोग भी हैरान हैं। उन्होंने गांव के बाहर फेंके जाने वाले गोबर को उपयोगी बना दिया है। वह गाय के गोबर से सुन्दर मूर्तियों को साकार रूप दे रहे हैं।
राजेन्द्र सिंह ने गाय के गोबर की विशेषताओं को बताते हुए ग्रामीण क्षेत्र में निवास करने वाले लोगों को उससे बनी मूर्तियों को पूजा करने के लिए प्रेरित किया है। उन्होंने कहा कि हिन्दू संस्कृति में गाय के गोबर का बड़ा ही माहात्म्य है। हिन्दू धर्मावलम्बी सभी प्रकार के पूजन में गाय के गोबर का प्रयोग करते हैं। प्रतीक के रूप में गाय के गोबर से ही गौरी-गणेश बनाकर पूजा किया जाता है।
गौ-भक्त राजेन्द्र ने कहाकि गाय के गोबर से मूर्तियां बनाने की इच्छाशक्ति ने उन्हें जागृत किया है। वह दिन-रात जुटकर गाय की गोबर से कई प्रकार की मूर्तियां बना रहे हैं। उसमें गाय माता, बाल गणेश, भगवान गणेश, भगवान हनुमान तथा भगवान शिव की मूर्तियां शामिल हैं। उनकी इच्छा है कि गाय के गोबर से बनने वाली मूर्तियों को लोग पूजन के लिए अपने घरों में रखें।
इससे पूर्व में भी राजेन्द्र सिंह गाय के गोबर से बने दीपकों के कारण चर्चा में आये थे। जब उन्होंने दीपावली के अवसर पर तेल को ना सोखने वाले गोबर के दीपक बनाये थे और वे दीपक लखनऊ के लोगों के बीच खासा पसंद किये गये।