City Headlines

Home Gujrat गुजरात चुनाव : कांग्रेस ने 20 मुद्दों पर भाजपा के खिलाफ जारी किया आरोप पत्र

गुजरात चुनाव : कांग्रेस ने 20 मुद्दों पर भाजपा के खिलाफ जारी किया आरोप पत्र

भाजपा के खिलाफ कांग्रेस की मुहिम, राज्य के प्रमुख शहरों में जारी किया आरोप पत्र, महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार समेत कई मुद्दों पर कांग्रेस ने लगाए गंभीर आरोप

by City Headline
Assembly elections, Congress, 20 issues, BJP, against, charge sheet, manifesto

अहमदाबाद। गुजरात विधानसभा चुनाव को लेकर रविवार को कांग्रेस ने सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ 20 मुद्दों पर एक आरोप पत्र जारी किया। कांग्रेस ने इस आरोप पत्र में भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। कांग्रेस ने राज्य में महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार बढ़ने, मोरबी पुल हादसा और लठ़्ठा कांड मामले के लिए भाजपा को जिम्मेदार बताते हुए भूपेन्द्र सरकार को विफल बताया।
अहमदाबाद में एक प्रेस कांफ्रेंस में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केन्द्रीय मंत्री भरत सिंह सोलंकी ने रविवार को गुजरात सरकार के कामों पर सवाल उठाते करते हुए 36 पन्ने का आरोप पत्र पेश किया। भाजपा पर हमला बोलते हुए कांग्रेस नेता सोलंकी ने कहा कि वे सरकार के खिलाफ आरोप पत्र जनता के समक्ष पेश कर रहे हैं। चुनाव के बाद राज्य में कांग्रेस की सरकार बनी तो वे राज्य की जनता की खुशहाली के लिए काम करेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा की नीति लोगों को गुमराह करने वाली और लोगों को दूसरी दिशा में ले जाने की है। उन्होंने कहा कि गुजरात में भाजपा डबल इंजन की सरकार होने की बात करती है, लेकिन भाजपा का सिंगल इंजन भी फेल हो गया था। इसके बाद ही विजय रूपाणी की सरकार को बदला गया। उन्होंने कहा कि मौजूदा मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल की कमजोर इंजन की सरकार को गुजरात प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सीआर पाटिल धक्का लगा रहे हैं।
राज्य की आर्थिक बदहाली का आरोप लगाते हुए सोलंकी ने कहा कि राज्य पर 4 लाख करोड़ रुपये का कर्ज हो चुका है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासन में जीडीपी 18 से 23 फीसदी था। स्वास्थ्य, शिक्षा और उद्योग के क्षेत्र में कांग्रेस शासन आगे थी। गुजरात में 27 साल से भाजपा की सरकार है, इसके पहले कांग्रेस की सरकार थी। कांग्रेस की सरकार के समय ही नए स्कूल बनाए गए थे। भाजपा सरकार ने एक भी नया स्कूल नहीं बनाया। इसके विपरीत सरकार ने कई स्कूलों को बंद कर दिया। सरकारी अस्पताल भी कांग्रेस के समय के ही बनवाए गए थे। सरकार ने एक भी नया अस्पताल नहीं बनवाया। सभी मेडिकल कॉलेज कांग्रेस के शासन में बनवाए गए थे।