गुवाहाटी। असम में बाढ़ की स्थिति में लगातार सुधार हो रहा है। राज्य आपदा प्रबंधन विभाग के मुताबिक अभी भी राज्य के सात जिलों के 19 हजार 656 से अधिक नागरिक बाढ़ प्रभावित हैं। हालांकि, राज्य में सभी नदियां खतरे के निशान से नीचे बह रही हैं। बाढ़ के चलते कई नदियों के तटबंध टूट गए और सड़कों को भी नुकसान पहुंचा है। प्रशासन लोगों को राहत पहुंचाने के लिए जरूरी कदम उठा रहा है।
असम राज्य आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से शुक्रवार की देर शाम तक के बाढ़ प्रभावित जिलों के आंकड़े जारी किए गये हैं। बाढ़ प्रभावित सात जिलों में बजाली, बरपेटा, ग्वालपारा, गोलाघाट, जोरहाट, कामरूप (ग्रामीण) और लखीमपुर शामिल हैं। बाढ़ से 13 राजस्व सर्किल अंतर्गत 158 गांवों के 19 हजार 656 लोग प्रभावित हुए हैं। बाढ़ से कुल 1113.73 हेक्टेयर फसल अभी भी प्रभावित है।
बाढ़ प्रभावितों के लिए 1 राहत शिविर स्थापित किये गये हैं, जबकि 5 राहत वितरण केंद्र खोले गए। राहत शिविरों में कुल 8 लोग आश्रय लिए हुए हैं। बाढ़ से राज्य के कुल 30 हजार 172 पशु धन प्रभावित हुए हैं। इनमें बड़े पशुओं की कुल संख्या 22 हजार 295 और छोटे पशुओं की 6 हजार 96 है जबकि 1 हजार 781 कुक्कुट भी प्रभावित हुए हैं। राहत एवं बचाव कार्य के दौरान कामरूप (ग्रामीण) जिले में 1 मेडिकल टीम को चिकित्सा देखभाल के लिए तैनात किया गया है।
बाढ़ प्रभावितों के बीच खाद्य सामग्रियों का वितरण किया गया, जिसमें 189.00 क्विंटल चावल, 34.56 क्विंटल दाल, 10.37 क्विंटल नमक, सरसों का तेल 1037.00 लीटर शामिल हैं। राज्य सरकार की ओर से बाढ़ प्रभावित इलाकों में सभी तरह के आवश्यक कदम उठाए जाने के निर्देश दिए गए हैं।