हांगझोऊ। चीन के हांगझोऊ में खेले जा रहे एशियाई खेलों में भारतीय खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन जारी है। एथलेटिक्स में रविवार को भारत के पास एक और स्वर्ण पदक आया है। तजिंदर पाल सिंह तूर ने शॉटपुट में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीत लिया है। हांगझोऊ के एशियाई खेलों में भारत का यह 13वां स्वर्ण पदक है।
तजिंदर पाल ने पुरुषों के शॉटपुट फाइनल में 20.36 का थ्रो करके स्वर्ण पदक अपने नाम किया। तजिंदर पाल लगातार दूसरे एशियाई खेलों में स्वर्ण जीतने में सफल हुए हैं। तजिंदर ने 2018 जकार्ता एशियाई खेलों में भी स्वर्ण जीता था।
तजिंदर पाल के पहले दो प्रयास फाउल रहे। फिर अपने तीसरे प्रयास में 19.21 मीटर थ्रो के साथ अगले दौर के लिए क्वॉलीफाई किया। इसके बाद तजिंदर पाल ने चौथा थ्रो 20.06 मीटर किया। पांचवां थ्रो फिर फाउल हो गया। अंतिम प्रयास में उन्होंने अपनी पूरी ताकत झोंक दी और 20.36 मीटर थ्रो कर मेंस शॉटपुट फाइनल में स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
इससे पहले एथलेटिक्स में अविनाश साबले ने पुरुषों के 3000 मीटर स्टीपलचेज में भारत को स्वर्ण पदक दिलाया है। अविनाश ने 8:19.50 मिनट के एशियन गेम्स रिकॉर्ड के साथ स्वर्ण पदक जीता है।