City Headlines

Home Politics भाजपा नेता ने राहुल के लिए बनाये गए पांडाल पर कब्जा किया

भाजपा नेता ने राहुल के लिए बनाये गए पांडाल पर कब्जा किया

अलवर में मांगों को माने जाने के बाद भाजपा के राज्यसभा सांसद डॉ. किरोड़ीलाल मीना ने 22 घंटे बाद छोड़ा कब्जा

by City Headline
Alwar, Congress, BJP, Pandal, Bharat Jodo Yatra, Dharna, Rahul Gandhi

अलवर। भारत जोड़ो यात्रा के तहत राहुल गांधी के लिए जिले के राजगढ़ के सुरेर में बनाए गए लंच पांडाल में शनिवार शाम से धरने पर बैठे भाजपा नेता का धरना 22 घंटे बाद प्रशासन के आश्वासन के बाद रविवार काे खत्म हुआ।
राज्यसभा सांसद डॉ. किरोड़ीलाल मीना कार्यकर्ताओं के साथ अपनी मांगों को लेकर भारत जोड़ोे यात्रा के लिए बनाए गए पांडाल में शनिवार की शाम समर्थकों सहित बैठ गए थे। रविवार को सुबह प्रदर्शनकारियों से सांकेतिक भूख हड़ताल का आव्हान किया। अलवर-सिकन्दरा मेगा हाईवे मार्ग स्थित चन्दर सिंह की ढाणी में पाण्डाल में रविवार को दोपहर करीब 2 बजे के बाद प्रशासन से वार्ता होने के बाद भाजपा नेता किरोड़ी ने लगभग 22 घंटे बाद धरना समाप्त करने की घोषणा की ।
इस मौके पर उन्होंने कहा कि सरकार उनकी मांगों को सुनने के लिए तैयार है। इसके लिए सात सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल बनाया गया है। प्रतिनिधिमण्डल में सीएचए की ओर से पूजा, शराब ठेकेदार की यूनियन के प्रदेशाध्यक्ष पंकज धनखड़, पुजारी प्रकरणों में बल्या जोशी, ईआरसीपी से देवराज गुर्जर, महिलाओं, एसटी के अत्यचार एवं बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर शम्भू शर्मा, किसानों के कर्ज को लेकर रूपसिंह को शामिल किया गया है। यह प्रतिनिधिमण्डल मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से वार्ता करेगा। उन्होंने बताया कि सरकार का रुख सकारात्मक लग रहा है। इसके पश्चात सरकार ने नहीं सुनी तो राज्य के बेरोजगार, सीएचए, एक्साइज व इंटर डिस्कोम सहित अन्य जो भी लाखों लोग जुड़े हैं, फिर एक बड़ा जमावड़ा जयपुर में किया जाएगा।