City Headlines

Home Bihar तीन बार यूपी विधानसभा के अध्यक्ष रहे केशरी नाथ त्रिपाठी का निधन

तीन बार यूपी विधानसभा के अध्यक्ष रहे केशरी नाथ त्रिपाठी का निधन

पश्चिम बंगाल के पूर्व राज्यपाल केशरी नाथ त्रिपाठी के निधन पर पीएम मोदी और सीएम योगी सहित सभी ने शोक प्रकट किया

by City Headline
Allahabad High Court, Senior Advocate, Keshari Nath Tripathi, UP Assembly Speaker, Bharatiya Janata Party, UP Unit, President, West Bengal, Governor, Bihar, Meghalaya, Mizoram, Additional Charge, CM, Yogi, PM, Modi, BJP, Rasulabad Ghat

प्रयागराज। पश्चिम बंगाल के पूर्व राज्यपाल, वरिष्ठ भाजपा नेता और उत्तर प्रदेश विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष केशरी नाथ त्रिपाठी का रविवार सुबह पांच बजे यहां निधन हो गया। उन्होंने अपने आवास पर आखिरी सांस ली। इलाहाबाद हाई कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता के साथ ही केशरी नाथ त्रिपाठी तीन बार यूपी विधानसभा अध्यक्ष रहे। भारतीय जनता पार्टी के यूपी इकाई के अध्यक्ष भी रहे। केशरी नाथ त्रिपाठी 2014 से 2019 तक पश्चिम बंगाल के राज्यपाल रहे। इस बीच उन्हें बिहार, मेघालय और मिजोरम राज्यों का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया।

कुछ दिन पहले ही उन्हें सांस में दिक्कत के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। स्वास्थ्य में सुधार होने पर अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी। स्वजन उन्हें घर ले आए थे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पंडित केशरीनाथ त्रिपाठी के निधन पर गहरा शोक जताया है। केशरी नाथ त्रिपाठी के निधन पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत भाजपा के तमाम बड़े नेताओं ने शोक प्रकट करते हुए परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने माइक्रो ब्लॉगिंग साइट ट्विटर के जरिए शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना जताते हुए लिखा कि वरिष्ठ राजनेता, भाजपा परिवार के वरिष्ठ सदस्य और पश्चिम बंगाल के पूर्व राज्यपाल केशरी नाथ त्रिपाठी का निधन अत्यंत दुखद है। प्रभु श्रीराम दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें व शोकाकुल परिजनों को दुख सहने की शक्ति दें।

परिवार के मुताबिक शाम 4:00 बजे प्रयागराज के रसूलाबाद घाट पर उनका अंतिम संस्कार होगा। केशरी नाथ अपने पीछे पुत्र अपर महाधिवक्ता नीरज त्रिपाठी और दो बेटियों को छोड़ गए हैं। उन्हें आज ही लखनऊ के एसजीपीजीआई में भर्ती कराया जाना था। पश्चिम बंगाल के पूर्व राज्यपाल केशरी नाथ त्रिपाठी का जन्म 10 नवंबर 1934 को हुआ था।