City Headlines

Home International अमेरिकी कमांडर का दावा, चीन से भारत और अमेरिका दोनों को खतरा

अमेरिकी कमांडर का दावा, चीन से भारत और अमेरिका दोनों को खतरा

by Suyash

वाशिंगटन । अमेरिका के शीर्ष कमांडर एडमिरल जॉन क्रिस्टोफर एक्विलिनो ने भारत और अमेरिका को चेताया है कि दोनों देशों को चीन से सतर्क रहना है। दोनों देशों के लिए चीन खतरा पैदा कर सकता है। यूएस इंडो पैसिफिक कमांड के कमांडर एडमिरल जॉन क्रिस्टोफर एक्विलिनो ने भारत और अमेरिकी सुरक्षा चुनौतियों को एक जैसा बताते हुए कहा है कि अमेरिका की जो बाइडन सरकार न सिर्फ रक्षा क्षेत्र में भारत का सहयोग कर रही है बल्कि भारत में उसके खुद के उद्योग क्षेत्र को विकसित करने में मदद कर रही है।
अमेरिका की आर्म्ड सर्विस कमेटी के सदस्यों के साथ संवाद के दौरान भारतीय मूल के अमेरिकी सांसद रो खन्ना ने सवाल उठाया था कि औपनिवेशिक काल के बाद भारत और चीन के रिश्ते अच्छे थे और दोनों देश एशिया की आवाज बनकर उभर रहे थे लेकिन उसके बाद रिश्ते खराब हो गए। अब चीन एशिया के अपने अन्य सहयोगी देशों के साथ जूनियर की तरह व्यवहार कर रहा है।
इस पर यूएस इंडो पैसिफिक कमांड के कमांडर एडमिरल जॉन क्रिस्टोफर एक्विलिनो ने कहा कि भारत के साथ अपनी साझेदारी की अहमियत को अमेरिका समझता है और समय के साथ बहुत कुछ किया जा रहा है। भारत और अमेरिका, दोनों एक जैसी सुरक्षा चुनौतियों का सामना कर रहे हैं। दोनों देश साथ में काम करने की इच्छा भी रखते हैं क्योंकि भारत और अमेरिका ही दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र हैं। दोनों देशों के मूल्य भी समान हैं और भारतीय व अमेरिकी लोगों के बीच आपसी संबंध कई सालों से हैं। उन्होंने दो वर्ष में पांच बार भारत जाने की जानकारी भी दी।
एडमिरल एक्विलिनो ने क्वाड का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि क्वाड कोई सुरक्षा संगठन नहीं है। यह एक कूटनीतिक और आर्थिक संगठन है। उन्होंने कहा कि भारत, अमेरिका का अहम सहयोगी है और दोनों देश अक्सर संयुक्त रूप से युद्धाभ्यास भी करते रहते हैं, जिनमें मालाबार युद्धाभ्यास शामिल है। अमेरिका भारत को सुरक्षा क्षेत्र में सहयोग कर रहा है और भारत में रक्षा उत्पादन में भी सहयोग कर रहा है। उन्होंने बताया कि सी-130 हेलीकॉप्टर के तमाम महत्वपूर्ण हिस्सों का निर्माण भारत में हो रहा है।