City Headlines

Home » बांदा के आठ डॉक्टरों की सेवाएं समाप्त होंगी

बांदा के आठ डॉक्टरों की सेवाएं समाप्त होंगी

उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने लंबे समय से नदारद डाॅक्टरों की सेवाएं समाप्त करने के निर्देश दिये

by City Headline
Banda, Deputy CM, Health Department, Doctor, Dismissed, Jal Jeevan Mission

बांदा। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने जनपद भ्रमण के दौरान मंगलवार को सर्किट हाउस सभागार में जनकल्याणकारी योजनाओं व विकास कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान लंबे समय से गायब चल रहे आठ डॉक्टरों की सेवाएं समाप्त करने के निर्देश दिए। साथ ही जल जीवन मिशन योजना की समीक्षा करते हुए पाइप लाइन के लिए खोदी गई सड़कों को ठीक न करने पर कार्यदाई संस्था का भुगतान रोकने की चेतावनी दी।

उप मुख्यमंत्री ने जल-जीवन मिशन की समीक्षा करते हुए खटान पाइप पेयजल परियोजना में कनेक्शन के विषय में जानकारी प्राप्त की। सम्बन्धित संस्था एलएनटी को कार्य में प्रगति लाने के लिए मैन पॉवर बढ़ाकर युद्ध स्तर पर कार्य करने के निर्देश दिये। बैठक में जनप्रतिनिधियों ने शिकायत की कि इस संस्था ने सड़कें खोदकर पाइप लाइन डालने के कार्य केे बाद सड़क मरम्मत का कार्य नहीं पूर्ण नहीं किया है। जिस पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि सड़कों के मरम्मत कार्य शीघ्र कराकर मूल रूप बनायी जायें अन्यथा संस्था का भुगतान नहीं किया जायेगा और जुर्माना भी लगाया जाएगा। इसके पश्चात अम्लीकौर ग्राम समूह पाइप पेयजल परियोजना हर-घर कनेक्शन के विषय में जानकरी प्राप्त की।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि पेयजल कनेक्शन में लीकेज की समस्या नहीं होनी चाहिए। उन्होंने जिलाधिकारी को निर्देशित किया कि एक कमेटी बना दी जाए एवं जो सड़कों का निरीक्षण कर मरम्मत कार्य को पूर्ण करायें। बैठक में सम्बन्धित कार्यदायी संस्था द्वारा माह मई तक कार्य पूर्ण करने का आश्वासन दिया गया।

स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी से जानकारी प्राप्त की। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि सब सेन्टर 306 तथा वेलनेश सेन्टर 130 हैं, जो फक्शनिंग हैं। उनके द्वारा यह भी अवगत कराया गया कि दो वर्ष से विद्युत कनेक्शन नहीं दिया गया, जिस पर नाराजगी व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी से कहा कि नोटिस जारी करके अधीक्षण अभियंता विद्युत, एक्सईएन आरईएस तथा मुख्य चिकित्सा अधिकारी बांदा की जवाबदेही तय की जाए कि अभी तक विद्युत कनेक्शन में इतना विलम्ब किस कारण किया गया। स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े आठ डॉक्टरों के लम्बे समय से गायब रहने पर उन्होंने उनकी सेवाएं समाप्त करने के निर्देश दिए।

विद्युत विभाग की समीक्षा के दौरान अधीक्षण अभियंता विद्युत को निर्देशित किया कि ओवर बिलिंग न की जाए, मूल बिल ही लिया जाए। यदि ओवर बिलिंग की शिकायतें आती हैं तो सम्बन्धित अधिकारी के विरूद्ध कार्यवाही की जायेगी। लोक निर्माण विभाग की समीक्षा के दौरान कुल निर्माणाधीन सड़कों की जानकारी प्राप्त कर अधिशाषी अभियंता को निर्देश दिया कि सड़कों केे निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूर्ण किये जायें तथा कोई भी सड़क गड्ढे वाली नहीं होनी चाहिए।

सेतु निगम की समीक्षा करते हुए मर्का पुल का निर्माण कार्य अप्रैल, 2023 तक हर हाल में पूर्ण करने तथा एप्रोच मार्ग को पुल के साथ निर्माण कराये जाने के निर्देश दिये। अटल आवासीय विद्यालय के निर्माण कार्य की समीक्षा करते हुए 15 अप्रैल तक पूर्ण कराये जाने के निर्देश दिये।

बैठक में जलशक्ति राज्यमंत्री रामकेश निषाद, सांसद आरके सिंह पटेल, विधायक सदर प्रकाश द्विवेदी, विधायक नरैनी ओममणि वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष सुनील सिंह पटेल, जिलाध्यक्ष डॉ. संजय सिंह, आयुक्त चित्रकूटधाम मण्डल बांदा आरपी सिंह, पुलिस उप महानिरीक्षक डॉ. विपिन मिश्रा, जिलाधिकारी बांदा श्रीमती दीपा रंजन, पुलिस अधीक्षक अभिनंदन, अपर आयुक्त प्रशासन अमर पाल सिंह, संयुक्त विकास आयुक्त अनिल सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व उमाकान्त त्रिपाठी, अपर जिलाधिकारी न्यायिक अमिताभ यादव, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे एमपी सिंह, मुख्य विकास अधिकारी वेद प्रकाश मौर्य सहित मण्डल एवं जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

इसके पूर्व जनपद प्रवास के दौरान उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने विकासखंड नरैनी के ग्राम तुर्रा में अटल मनरेगा उद्यान एवं खेल का मैदान का लोकार्पण किया। इसी तरह जिला अस्पताल का निरीक्षण कर योग वेलनेस सेंटर का उद्घाटन किया। जिला अस्पताल में ही जिला कार्यक्रम विभाग द्वारा आयोजित पोषण पखवाड़ा कार्यक्रम में पांच बच्चों को अन्नप्राशन तथा नवेली बुंदेली योजना के अंतर्गत बालिकाओं के जन्म लेने पर केक काट कर बधाई देते हुए उन्हें प्रमाण पत्र वितरित किए। इसी के साथ पोषण पखवाड़ा के अंतर्गत छोटे बच्चों को 101 पालने का भी वितरण किया।

Subscribe News Letter

Copyright © 2022 City Headlines.  All rights reserved.