City Headlines

Home Crime जोधपुर में दिनदहाड़े फायरिंग, दुकानदारों ने दुकानें बंद कीं

जोधपुर में दिनदहाड़े फायरिंग, दुकानदारों ने दुकानें बंद कीं

बजरी माफिया और लीज होल्डरों के बीच विवाद में हुई फायरिंग

by City Headline
Meerut, businessman, army officer, thug, Ganpati, idols, order, phone, online payment, victim, police, WhatsApp, sample, OTP, UP, UP Crime

जोधपुर। शहर के माता का थान चौराहा बुधवार सुबह दहशतगर्दी देखने को मिली। दो पक्षों के विवाद में फायरिंग हुई। डंडों सरियों से पिटाई में एक युवक घायल हो गया। दिनदहाड़े हुई इस घटना को लेकर क्षेत्र के लोगों ने विरोध जताते हुए रास्ता जाम कर दिया। दहशत इतनी जबरदस्त रही कि आसपास के दुकानदारों को अपनी दुकानें बंद तक करनी पड़ गई। खुलेआम दहशत बनी रही। मामला बजरी माफियाओं और लीज होल्डरों के बीच का होने का अंदेशा बना है। डंडों की गई पिटाई में एक युवक को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। जिससे अभी पुलिस पड़ताल जारी है।
लोगों द्वारा रास्ता जाम किए जाने पर एक सेवानिवृत सरकारी कर्मचारी और उनकी बेटी कार में सवार होकर जाने लगे। तब लोगों ने जाने से मना कर दिया। विवाद बढ़ते देख सेवानिवृत कर्मचारी ने अपने पास रखी वैपन को निकाल दिया। बाद में और विवाद बढऩे पर उन्हें कार से उतार कर लोगों ने पीटना शुरू कर दिया। मौके पर आई माता का थान पुलिस के एएसआई नवीन कुमार ने अपनी जान को जोखिम में डालकर इस बुजुर्ग सेवानिवृत कर्मचारी को लोगों के चंगुल से पिटते हुए को छुड़ाया। बाद में उन्हें गाड़ी में बिठाकर रवाना करने के साथ बेटी को भी सुरक्षित निकाला गया।
पुलिस उपायुक्त पूर्व डॉ. अमृता दुहन ने बताया कि सुबह माता का थान चौराहा के पास में एक बजरी डंपर चालक ने वहां खड़ी स्कार्पियों पर टक्कर मारने के साथ हमला शुरू किया। यह दो पक्ष के लोगों का विवाद था। डंपर चालक ने स्कार्पियो का कई बार टक्कर मारने के साथ क्षतिग्रस्त कर दिया। साथ ही कुछ युवकों ने मिलकर एक अन्य युवक ओमप्रकाश की डंडों से पिटाई की। एक पक्ष की तरफ से फायरिंग की गई, मगर फायरिंग में कोई घायल नहीं हुआ है।
जांच में सामने आया कि घायल हुए युवक ओमप्रकाश को गोली नहीं लगी है, उसकी डंडों से पिटाई किए जाने पर जांघ में चोट लगी है। उसे अस्पताल ले जाया गया। डीसीपी डॉ. दुहन ने बताया कि घटना को लेकर बाद में आस पास के लोगों ने रास्ता जाम कर दिया था। जिस पर उन्हें समझाइश कर शांत करवाया गया। जल्द ही दहशत फैलाने वाले तत्वों को पकड़ लिया जाएगा, लोगों की जो मांगे है उन पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
जानकारी के अनुसार माता का थान चौराहा पर हुई इस घटना के विरोधस्वरूप लोगों ने रास्ता जाम कर दिया। इस बीच एक्स सर्विसमैन एक बुजुर्ग अपनी बेटी को कार में लेकर निकलने का प्रयास करने लगे। तब विरोध जता रहे लोगों से उनकी कहासुनी हो गई। इस कहासुनी के बीच में उन्होंने वैपन निकाल कर धमका दिया, जिससे लोग आक्रोशित हो गए और गाड़ी से बाहर निकाल कर पीटना शुरू कर दिया।
लोगों द्वारा एक्स सर्विसमैन के साथ पिटाई होते देख वहां मौके पर मौजूद पुलिस कर्मी एएसआई नवीन कुमार भीड़ में घुस गए और उन्हेें जैसे तैसे लोगों की पिटाई से बचाते हुए बाहर सुरक्षित निकाल लाए। बाद में उन्हें अन्य गाड़ी में रवाना कर दिया गया। उनकी बेटी को भी कार में बाद में सुरक्षित भेजा गया।
आसपास के लोगों ने रास्ता जाम करते हुए पुलिस पर आरोप लगाया कि रात 11 बजे से सुबह चार बजे के बीच में पुलिस के सामने ही बजरी के अवैध डंपर निकलते है, मगर पुलिस उन्हें नहीं रोकती है। कुछ दिनों पहले भी यहां पर घटना हुई थी। क्षेत्रीय पार्षद भैरूसिंह परिहार का कहना है कि यदि पुलिस ने अब कार्रवाई नहीं की तो गुरुवार को फिर से रास्ता जाम करने के साथ विरोध जताया जाएगा। पुलिस की शह पर ही अवैध बजरी डंपर निकलते है, मगर पुलिस मूकदर्शक बनी रहती है। लोगों में आज हुई इस घटना को लेकर पूरी तरह रोष व्याप्त है।
दहशतगर्दी फैलाने वाले बाद में फरार हो गए। मौके पर एक पिस्टल को पुलिस ने जब्त किया है। जोकि वह भागते समय संभवत: छूट गई या गिर गई। बता दें कि यह सारा घटनाक्रम अवैध बजरी को लेकर चल रहा है। बजरी माफियाओं का खुला आतंक देखा जा सकता है। सूत्रों के मुताबिक बजरी ठेका लीज होल्डर ने बजरी के भावों में बढ़ोत्तरी कर दी है, जिसके चलते बजरी माफिया और ठेकेदारों के बीच विवाद बढ़ गया है। दोपहर तक किसी पक्ष ने पुलिस में रिपोर्ट नहीं दी है।