मुंबई। महाराष्ट्र के पालघर जिले के विरार में रहने वाले आयरनमैन हार्दिक दयानंद पाटिल ने हाल ही में 17वीं ”कैलिफोर्निया आयरनमैन प्रतियोगिता 2022” को सफलतापूर्वक पूरा किया है। इसमें खास बात यह है कि हार्दिक पाटिल ने नीदरलैंड के एम्सटर्डम में पिछले हफ्ते एक या दो बार नहीं बल्कि 9वीं बार आयोजित हुई ”टीसीएस फुल मैराथन प्रतियोगिता” को भी पूरा किया है। पिछले दो सप्ताह में आयरनमैन हार्दिक पाटिल ने 17वीं ”कैलिफोर्निया आयरनमैन प्रतियोगिता 2022” के साथ-साथ ”टीसीएस फुल मैराथन प्रतियोगिता” में भी शानदार प्रदर्शन किया है। हार्दिक की इस उपलब्धि के लिए विरार-वसईकरों सहित पूरे महाराष्ट्र को गर्व है। हार्दिक पाटिल के प्रदर्शन की हर स्तर से सराहना हो रही है।
जानकारी के अनुसार फुल आयरनमैन वर्ल्ड ट्रायथलॉन कॉरपोरेशन (डब्ल्यूटीसी) द्वारा आयोजित एक ट्रायथलॉन रेस है। इसमें 4 किमी तैराकी, 180.2 किमी साइकिल चलाना और 42.2 किमी दौड़ना शामिल है। इन तीनों दौड़ को क्रम से और बिना ब्रेक के पूरा किया जाना है। इन चुनौतियों को 17 घंटे के भीतर पूरा करना रहता है। बता दें कि इससे पहले, हार्दिक पाटिल ने वसई तालुका के साथ ठाणे जिले के पालघर में अपने बॉडी बिल्डिंग के माध्यम से जूनियर महाराष्ट्र श्री और सीनियर महाराष्ट्र श्री में प्रथम रैंक प्राप्त करके नाम कमाया है।
2015 में, आयरनमैन हार्दिक दयानंद पाटिल ने पहली बार फुल आयरनमैन का खिताब जीतकर अपनी घुड़दौड़ शुरू की। हार्दिक पाटिल ने चार बार इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स के साथ-साथ वर्ल्ड रिकॉर्ड इंडिया में चार बार और एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में तीन बार अपने रिकॉर्ड दर्ज किए हैं। हार्दिक ने अब तक शिकागो, न्यूयॉर्क, टोक्यो, बोस्टन, लंदन, न्यूजीलैंड, मैक्सिको, डेनमार्क, ताइवान, अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया में प्रतियोगिताएं पूरी की हैं।
आयरनमैन हार्दिक पाटिल कहते हैं कि खेल में करियर बनाने वालों के लिए फिटनेस बहुत जरूरी है। खेल हो या कोई अन्य क्षेत्र फिटनेस महत्वपूर्ण है। आप कितने भी व्यस्त हों, फिटनेस के लिए दिन में कम से कम एक घंटा जरूर दें। आयरनमैन हार्दिक पाटिल ने विशेष रूप से उल्लेख किया है कि किसी भी सफलता को प्राप्त करने के लिए निरंतरता, कड़ी मेहनत, दृढ़ संकल्प और आपका ध्यान महत्वपूर्ण है।