City Headlines

Home Bihar 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए जदयू कार्यकर्ता अभी से जुट जाएं : ललन सिंह

2024 के लोकसभा चुनाव के लिए जदयू कार्यकर्ता अभी से जुट जाएं : ललन सिंह

by City Headline
lok sabha, election, jdu, worker, lalan singh

रांची। जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष और सांसद ललन सिंह ने पार्टी कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए अभी से जुट जाने की बात कही। उन्होंने कहा कि राज्य में मान्यता प्राप्त दल और एक पार्टी को एक मजबूत ताकत बनाने में सब लगें।
झारखंड जनता दल का जदयू में विलय का स्वागत करते हुए ललन ने कहा कि गौतम सागर राणा पुराने साथी हैं। उनके साथ आने से झारखंड में जनता दल और तेजी से मजबूत होगा और आगे बढेगा। ललन सिंह कॉर्निवल हॉल रांची में आयोजित जदयू के राज्यस्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि 2000 में बिहार से अलग होकर झारखंड बना। यहां से 5-7 एमएलए, एमपी भी पार्टी के हुआ करते थे। पर अब ऐसा नहीं है। ऐसे में सब मिलकर संगठन को मजबूत करें। बिहार में नीतीश कुमार की अगुवाई में बगैर साधन, संसाधनों के जैसा विकास हुआ, वैसा झारखंड में नहीं हुआ है। इसकी टीस नीतीश कुमार को है। इसे देखते यहां से खीरू महतो को सांसद बनाकर इस राज्य के प्रति अपने जुड़ाव को भी उन्होंने दर्शाया है।
देश में 70 वर्षों में इतनी विकट स्थिति नहीं दिखी
ललन सिंह ने कहा कि देश में महंगाई, बेरोजगारी चरम पर है। 70 वर्षों में इतनी विकट स्थिति नहीं दिखी। वादों के मुताबिक आठ वर्षों में अब तक 16 करोड़ युवाओं को रोजगार मिलना चाहिये था, 16 लाख को भी नसीब नहीं हुआ। लोकतंत्र में लोकलाज त्याग कर मोदी सरकार उन्माद पैदा करने में लगी है। केवल लोगों को एक दूसरे से लड़ाने में लगी रहती है। सांप्रदायिक सौहार्द को बिगाड़ा जा रहा है। विपक्षी दलों के शासन वाले राज्यों में ईडी, सीबीआई के जरिये रेड डालकर तंग किया जाता है।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग, रेलवे समेत सबका निजीकरण कर रही है, वह भी एक व्यक्ति विशेष के हाथों। फिलहाल तो इस केंद्र की सरकार को बाहर करना है। 70 वर्षों को एक तरफ रखें और वर्तमान के केंद्र सरकार में महंगाई को देखें तो समझ में आयेगा। हर साल दो करोड़ रोजगार का कोई पता नहीं है। पूंजीपतियों के हाथों में देश को गिरवी रखा जा रहा है।
सांसद और पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष खीरू महतो ने पार्टी कार्यकर्ताओं से महीने-दो महीने के भीतर पार्टी संगठन का चुनाव कराने में मदद मांगी। अधिक से अधिक मेंबरशिप के लिए सबों को काम करना होगा। आने वाले समय में नीतीश कुमार को भी रांची एक बड़े सम्मेलन में बुलाएंगे। ऐसे में सब अधिक से अधिक मेहनत करें।
इस मौके पर बिहार सरकार में मंत्री और झारखंड के प्रभारी श्रवण कुमार, सांसद और पूर्व मंत्री सुधा चौधरी सहित अन्य नेता भी मौजूद थे।