City Headlines

Home Crime सोपोर में लश्कर के तीन आतंकी गिरफ्तार, हथगोले बरामद

सोपोर में लश्कर के तीन आतंकी गिरफ्तार, हथगोले बरामद

by City Headline
Jammu, Sopor

श्रीनगर। जम्मू और कश्मीर में आतंकवादियों के खिलाफ सेना के जवानों ने अभियान चला रखा है। हाल ही में उत्तरी कश्मीर के सोपोर में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। जम्मू और कश्मीर पुलिस ने उत्तरी कश्मीर के सोपोर में लश्कर-ए-तैयबा के आतंकी संगठन के तीन ओवरग्राउंड वर्कर्स को गिरफ्तार करने का दावा किया है।
शुक्रवार शाम बोमई पुलिस स्टेशन के क्षेत्र में बोमई चौक पर एक संयुक्त अभियान में 22 राष्ट्रीय राइफल्स आरआर और 179 बीएन केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) सहित सुरक्षा बलों के साथ सोपोर पुलिस द्वारा ये गिरफ्तारियां की गईं। पुलिस के अनुसार पकड़े गए आतंकियों से आपत्तिजनक सामग्री के साथ हथियार बरामद हुआ है। इस घटना के बाद आसपास के इलाकों में पुलिस का सर्च अभियान चल रहा है। जम्मू और कश्मीर पुलिस के मुताबिक आतंकवादियों की पुष्टि शारिक अशरफ, सकलैन मुश्ताक और तौफीक हसन शेख के रूप में की गई है।
गोरीपुरा से बोमई जा रहे तीन लोगों को चेकिंग के दौरान संदिग्ध रूप से घूमते देखा गया। पुलिस ने रुकने के लिए कहा तो उन्होंने मना कर दिया और भागने का प्रयास किया। पुलिस के अनुसार सुरक्षाकर्मी उन्हें पकड़ने में कामयाब रहे। तलाशी के बाद उनके पास से 12 पाकिस्तानी झंडे, नौ पोस्टर और तीन हथगोले मिले। पकड़े गए व्यक्ति प्रारंभिक जांच के अनुसार प्रतिबंधित आतंकवादी समूह लश्कर-ए-तैयबा के ओजीडब्ल्यू हैं। वे बाहरी मजदूरों सहित सुरक्षा कर्मियों और नागरिकों पर हमला करने के अवसर की तलाश में थे। बोमई पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर इसकी अतिरिक्त जांच जारी है।
वहीं, खबर है कि अरनिया बॉर्डर पार कर रहे एक घुसपैठिए को सीमा सुरक्षा बल ने गिरफ्तार किया है। उससे पूछताछ की जा रही है।