City Headlines

Home Uncategorized हरियाणा रोडवेज और प्राइवेट बस में हुई टक्कर, तीन लोगों की हुई मौत

हरियाणा रोडवेज और प्राइवेट बस में हुई टक्कर, तीन लोगों की हुई मौत

by City Headline

कुराली

कुराली स्थित रेलवे फ्लाईओवर पर सोमवार देर रात करीब सवा 12 बजे हरियाणा रोडवेज की बस और प्राइवेट बस में हुई आमने-सामने की टक्कर में तीन की मौत हो गई। जबकि करीब 20 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इस हादसे में टक्कर के बाद रोडवेज बस फ्लाईओवर की रेलिंग तोड़ हवा में लटक गई। इस बीच उसमें सवार महिला और ड्राइवर 80 फीट की ऊंचाई से नीचे गिर पड़े। इससे महिला की मौत हो गई, जबकि कंडक्टर गंभीर रूप से घायल हो गया। बस हिमाचल प्रदेश के बैजनाथ से फरीदाबाद जा रही थी। कई घायलों को पीजीआई चंडीगढ़ में भर्ती कराया गया है।

हादसे की शिकार प्राइवेट बस सोलन से जालंधर जा रही थी। प्राइवेट बस श्रद्धालुओं से भरी थी। इसमें सवार श्रद्धालु सोलन में आयोजित सत्संग में शामिल होने गए थे। मृतकों में कुलवंत सिंह (70) निवासी जालंधर, रंजना (35) निवासी गांव मारंडा जिला कांगड़ा व बलकार चंद (68) निवासी विजय नगर जालंधर के रूप में हुई है। घायलों को इलाज के लिए कुराली, खरड़ व मोहाली सिविल अस्पताल के अलावा पीजीआइ चंडीगढ़ और जीएमसीएच-32 में भर्ती कराया गया है। पीजीआई में भर्ती दो घायलों की हालत नाजुक है।

पुलिस के अनुसार हरियाणा रोडवेज की बस के ड्राइवर ने कार ओवरटेक करते समय प्राइवेट बस को आमने-सामने टक्कर मार दी। इसके बाद रोडवेज बस फ्लाईओवर की रेलिंग तोड़कर पुल के नीचे की तरफ लटक गई। गनीमत यह रही कि बस पुल से नीचे नहीं गिरी। पुलिस को दिए बयान में हरियाणा रोडवेज बस के एक यात्री अशोक कुमार ने बताया कि बस का ड्राइवर बहुत ही तेजी के साथ बस चला रहा था और सवारियों ने उसको अपनी रफ्तार कम करने के लिए भी कहा था, लेकिन वह नहीं माना।

लगभग चार एंबुलेंस के जरिये घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। क्रेन की सहायता से पुल पर लटकी बस को पीछे खींचा गया। इसके बाद बस में फंसी सवारियों को बाहर निकाला जा सका। इस दौरान करीब आधे घंटे तक बस सवार यात्रियों की सांसें अटकी रहीं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक यात्रियों में चीख-पुकार मची रही। उधर, हादसे के कारण फ्लाईओवर के दोनों तरफ जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई। दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को पुल के नीचे उतार हाईवे पर यातायात बहाल कराया गया।

उधर, सूचना मिलते ही थाना सिटी प्रभारी विनोद कुमार, डीएसपी अमरप्रीत सिंह, एएसआई राजिंदर राणा मौके पर पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हरियाणा रोडवेज बस में सफर कर रही रंजना कंडक्टर सीट पर बैठी थी। टक्कर के बाद रंजना फ्लाई ओवर से करीब 80 फुट नीचे गिर पड़ी। इससे उसकी मौत हो गई। बस का ड्राइवर मुकेश कुमार भी नीचे गिर गया, जिससे उसकी टांगें टूट गईं। वहीं दूसरी तरफ श्रद्धालुओं से भरी प्राइवेट बस भी रेलिंग के दूसरी तरफ जा टकराई और रेलिंग के बीच फंस गई। प्राइवेट बस में कुलवंत सिंह सवार था।

मामले के जांच अधिकारी थाना सिटी कुराली में तैनात बलविंदर सिंह ने बताया कि पुलिस ने हरियाणा रोडवेज के ड्राइवर मुकेश कुमार के खिलाफ थाना कुराली में मामला दर्ज किया है। बस का ड्राइवर कुराली सिविल अस्पताल में भर्ती है। घायलों की पूरी जानकारी नहीं मिली है, क्योंकि उनका अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है। कुछ घायलों की अस्पताल से छुट्टी हो चुकी है।

Leave a Comment