सहारनपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को सहारनपुर पहुंचे। यहां उन्होंने जनप्रतिनिधियों और संगठन के लोगों के साथ बैठक कर फीडबैक लेने के बाद लोकसभा चुनाव 2024 की तैयारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के मान सम्मान का पूरा ध्यान रखा जा रहा है। कार्यकर्ता भी सरकार की नीतियों को आमजन तक पहुंचाएं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने निर्धारित समय पर सरसावा एयरपोर्ट पहुंचे। वहां से हेलिकाप्टर से पुलिस लाइंस पहुंचे। यहां उनका भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष मोहित बेनीवाल, जिला अध्यक्ष महेंद्र सैनी, महानगर अध्यक्ष राकेश जैन, राज्यमंत्री कुंवर बृजेश सिंह व जसवंत सैनी ने स्वागत किया। पुलिस लाइंस सभागार में मंत्री एवं जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यहां जिला संगठन की कोर कमेटी की मीटिंग में मुख्यमंत्री ने भाजपाइयों से स्थानीय फीडबैक लिया। इस दौरान भाजपा नेताओं ने ने विकास कार्यों की रफ्तार धीमी होने की बात कही। स्थानीय समस्याओं को उठाते हुए भाजपाइयों ने जनहित वाले मामलों में तेजी लाने और उन्हें समय पर पूरा कराने की बात कही।
कार्यकर्ता पोर्टल अपनी समस्या बताएं
इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कोई भी कार्यकर्ता अपने आपको ये न समझे कि उन्हें किसी सीढ़ी की आवश्यकता है। हेल्पलाइन नंबर पर कार्यकर्ता बात कर सकते हैं। मुख्यमंत्री पोर्टल पर लिख सकते हैं। सभी समस्याओं का जल्द निस्तारण होगा। अगर तब भी निस्तारण ठीक से नहीं होता है तो सीधे मुख्यमंत्री कार्यालय को लिख सकते हैं।
पुलिस लाइंस से मीटिंग के बाद मुख्यमंत्री मां शाकंभरी देवी विश्वविद्यालय के निरीक्षण के लिए पहुंचे। यहां उन्होंने विश्वविद्यालय निर्माण के बारे में जानकारी ली तथा काम में तेजी लाने का निर्देश दिया। वहां से लौटने के बाद मुख्यमंत्री ने सहारनपुर में दो स्थानों पर स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने मंडल के विकास कार्यों की समीक्षा की, जिसमें मुजफ्फरनगर और शामली के अधिकारी भी शामिल हुए।