सीतापुर
सिकरी गांव के बाहर 20 से अधिक चमगादड़ मृत मिले हैं। ग्रामीण जमा हो गए। सूचना वन विभाग के अधिकारियों को दी गई। वनकर्मियों ने पशु चिकित्साधिकारी को बुलाया। दो चमगादड़ों का शव जांच के लिए लैब जाएगा। अन्य को दफन कर दिया गया है।
चमगादड़ गांव के बाहर एक बाग में रहते हैं। शनिवार की सुबह सिकरी के ग्रामीणों ने गांव के आसपास मृत पड़े चमगादड़ देखे। चमगादड़, अलग-अलग स्थान पर पड़े थे। कुत्ते और कौवे इनको खा रहे थे। एक साथ कई चमगादड़ मृत मिले तो ग्रामीणों को किसी बीमारी की आशंका हुई। ग्रामीणों ने बताया कि कुछ दूरी पर हरदत्तपुर गांव के बाहर बाग में चमगादड़ रहते हैं। वन विभाग को सूचना दी गई। फारेस्टर हिमांशू वर्मा व बीट प्रभारी सियाराम मौके पर पहुंचे। जांच-पड़ताल की और मृत चमगादड़ों को एक जगह कराया गया। फारेस्टर ने बताया कि रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेज दी है।
वन विभाग के अधिकारियों ने चमगादड़ों की मौत किसी बीमारी से होने की आशंका जाहिर की। पशु चिकित्साधिकारी डाक्टर जागेंद्र वर्मा ने बताया कि दो मृत चमगादड़ जांच के लिए लैब भेजे जाएंगे। अन्य को मिट्टी में दफन कर दिया गया है। लैब से रिपोर्ट मिलने पर ही चमगादड़ों के मरने की वजह पता चलेगी। कई चमगादड़ों को कुत्ते और कौवे खा गए हैं।