सीतापुर
जिला जेल में बंद सपा विधायक आजम खां गुरुवार की सुबह लखनऊ पेशी के लिए रवाना हुए हैं। एसडीएम सिधौली और सीओ की अगुवाई में आजम खां लखनऊ भेजे गए हैं। आजम के पेशी पर जाने की वजह से जेल परिसर में सुबह से ही गहमा-गहमी का माहौल था। सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई। एसडीएम सिधौली पंकज राठौर भी सुबह ही जेल परिसर पहुंच गए।
सपा विधायक को 8:55 बजे लखनऊ भेजा गया है। शहर कोतवाल और थानाध्यक्ष खैराबाद भी सुरक्षा व्यवस्था में लगे थे। प्रभारी जेलर रणंजय सिंह ने बताया कि आजम खां को लखनऊ सीबीआइ कोर्ट में पेशी पर भेजा गया। पेशी के आदेश एक दिन पहले ही आया था। एसडीएम सिधौली ने बताया कि आजम खां लखनऊ पेशी पर जाएंगे।
सपा विधायक दो वर्ष से अधिक समय से जिला जेल में बंद हैं। उनकी पत्नी और विधायक बेटे अब्दुल्ला आजम जमानत पर रिहा हो चुके हैं। आजम खां ने सीतापुर जेल से ही विधानसभा का चुनाव भी लड़ा था। विधानसभा चुनाव में भारी अंतर से जीत हासिल की है। फिलहाल उनकी रिहाई के कयास लगाए जा रहे हैं। कुछ मामलों में जमानत भी मिल चुकी है। कुछ मामले विचाराधीन है।
बता दें कि अप्रैल में जेल में बंद आजम खां से नेताओं की मुलाकात भी चर्चा में रही। प्रसपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने जेल पहुंचकर सपा विधायक से मुलाकात की। उनके बाद सपा के रविदास मेहरोत्रा जेल पहुंचे थे। आजम खां ने सपा विधायक से मिलने से इन्कार कर दिया। बाद में कांग्रेसी नेता प्रमोद कृष्णम भी जिला जेल आए थे।