नई दिल्ली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में भारत जोड़ो यात्रा निकाली जा रही है। इस यात्रा का आगाज खोई सियासी जमीन को तलाश करने और कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नया जोश भरने के मकसद से हुआ है। हालांकि, यात्रा के साथ नए-नए विवाद भी जुड़ रहे हैं। दरअसल, केरल में कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर जबरन वसूली के आरोप लगे हैं।
कोल्लम जिले में एक सब्जी दुकानदार ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर धमकाने का आरोप लगाया है। सब्जी दुकानदार का आरोप है कि कोल्लम में भारत जोड़ो अभियान के लिए कांग्रेस फंड कर रही है। इसके तहत दो हजार रुपये मांगे गए थे। पैसे ना देने पर उसके साथ मारपीट की गई। इस घटना का वीडियो वायरल हो रहा है। सब्जी दुकानदार ने बताया, ‘कांग्रेस कार्यकर्ताओं का एक दल मेरी दुकान पर आया और भारत जोड़ो यात्रा के लिए चंदा मांगने लगा। मैंने 500 रुपये दिए, लेकिन वे लोग 2 हजार रुपये मांगने लगे। पैसे ना देने पर उन्होंने मेरा तराजू और सब्जियां फेंक दी।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं की वीडियो सामने आने के बाद उन पर कार्रवाई हुई है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के सुधाकरन ने सब्जीवालों से मारपीट के चलते तीन कार्यकर्ताओं पार्टी से निलंबित कर दिया है। उन्होंने इसको लेकर एक ट्वीट भी किया है। भारत जोड़ो यात्रा का दूसरा चरण केरल के कोल्लम जिले से शुरू हुआ। यात्रा में केरल के विपक्ष के नेता भी शामिल हुए।