City Headlines

Home » भारत का गलत नक्शा दिखाने पर विवादों में घिरी केसीआर की नई पार्टी बीआरएस

भारत का गलत नक्शा दिखाने पर विवादों में घिरी केसीआर की नई पार्टी बीआरएस

by City Headline
India, map, KCR, TRS, BRS

हैदराबाद। तेलंगाना राष्ट्र समिति का नाम बदल कर बनी भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) पार्टी विवाद में घिर गई है। बीआरएस पार्टी के बैनर पोस्टरों में दर्शाए गए भारत के नक्शे पर भाजपा ने सवाल उठाए हैं। इस संबंध में भाजपा केन्द्रीय चुनाव आयोग को भी एक ज्ञापन देकर कार्रवाई की मांग कर चुकी है।
दरअसल, मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव ने विजयदशमी के दिन अपनी पार्टी की साधारण सभा में तेलंगाना राष्ट्र समिति का नाम बदलकर राष्ट्रीय स्तर पर भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) करने का प्रस्ताव पारित किया था। भाजपा का आरोप है कि बीआरएस पार्टी के बैनर पोस्टर में भारत का नक्शा गलत दर्शाया गया है। इसे लेकर भाजपा के एक प्रतिनिधिमंडल ने नई दिल्ली में केंद्रीय चुनाव आयोग को एक ज्ञापन भी सौंपा है। इस ज्ञापन में भाजपा ने बीआरएस पर कार्रवाई करने की मांग की है।
निजामाबाद से भाजपा सांसद अरविंद धर्मपुरी ने भी ट्विटर पर बीआरएस का एक पोस्टर शेयर कर लिखा कि इसमें आधा कश्मीर गायब है। बीआरएस के पोस्टर में मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव भारत के नक्शे के बीच नजर आ रहे हैं। भाजपा सांसद का आरोप है कि केसीआर ने भारत के नक्शे को गलत दिखाया है, यह भारत के संविधान के खिलाफ है और भारत की अखंडता का अपमान है। भाजपा सांसद ने लिखा कि भारतीय संविधान के अनुच्छेद 1 में देश का क्षेत्र यह देश का परिभाषित किया गया है। पूरा जम्मू और कश्मीर भारत का हिस्सा है। पीओके को भारत के नक्शे से हटाकर केसीआर की पार्टी पाकिस्तान का समर्थन कर रही है। इसके अलावा भाजपा के ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय मंत्री डॉ. पार्थसारथी ने भी केसीआर को देश का नेता नहीं बल्कि देशद्रोही बताया।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले कांग्रेस नेता शशि थरूर भी यही गलती कर चुके हैं। कांग्रेस अध्यक्ष पद का नामांकन करने के बाद थरूर ने जो घोषणापत्र पेश किया था, उसमें भी भारत के नक्शे में अधूरा कश्मीर था। इसको लेकर कांग्रेस नेता थरूर की जमकर आलोचना हुई थी। हालांकि बाद में उन्होंने अपनी गलती स्वीकारने के बाद तत्काल मैप में सुधार किया था।

Subscribe News Letter

Copyright © 2022 City Headlines.  All rights reserved.