City Headlines

Home » बीजेपी ने यूपी से राज्यसभा प्रत्याशी किए घोषित

बीजेपी ने यूपी से राज्यसभा प्रत्याशी किए घोषित

by City Headline

लखनऊ

उत्तर प्रदेश में चल रहे राज्यसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी ने अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। इनमें मुख्य रूप से उत्तर प्रदेश भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉक्टर लक्ष्मीकांत वाजपेई और मौजूदा प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह नागर शामिल हैं। उत्तर प्रदेश के लिए भारतीय जनता पार्टी को 8 उम्मीदवारों के नाम घोषित करने थे।

रविवार की देर शाम केवल 6 नाम घोषित किए गए हैं। अभी 2 और उम्मीदवारों की घोषणा सोमवार दोपहर तक होने की संभावना है। मेरठ से डॉक्टर लक्ष्मीकांत वाजपेई और गौतमबुद्ध नगर-बुलंदशहर से सुरेंद्र सिंह नागर के नामों की घोषणा होने पर भारतीय जनता पार्टी व उनके समर्थकों में खुशी का माहौल है।

इन्हें मिला टिकट

1. डॉक्टर लक्ष्मीकांत वाजपेई
2. सुरेंद्र सिंह नागर
3. बाबूराम निषाद
4. डॉक्टर राधा मोहन अग्रवाल
5. दर्शना सिंह
6. संगीता यादव

उत्तर प्रदेश से राज्यसभा चुनाव लड़ने के लिए जिन लोगों के नाम घोषित किए गए हैं, उनमें पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और भारतीय जनता पार्टी में ब्राह्मण चेहरा डॉक्टर लक्ष्मीकांत वाजपेई शामिल हैं। डॉक्टर लक्ष्मीकांत वाजपेई करीब 5 वर्षों से भारतीय जनता पार्टी की राजनीति में मुख्यधारा से बाहर थे। अब उन्हें राज्यसभा का टिकट मिलने पर पश्चिमी उत्तर प्रदेश के भाजपा कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर है।

मौजूदा राज्यसभा सांसद और भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह नागर को एक बार फिर राज्यसभा जाने के लिए टिकट थमाया गया है। सुरेंद्र सिंह नागर बुलंदशहर के मूल निवासी हैं और गौतमबुद्ध नगर के पूर्व लोकसभा सांसद भी हैं। सुरेंद्र नागर गुर्जर बिरादरी के शीर्ष नेताओं में शुमार हैं। सुरेंद्र नागर राज्यसभा में फिलहाल उपसभापति हैं।

गोरखपुर सदर से कई बार विधायक रह चुके डॉक्टर राधा मोहन अग्रवाल को राज्यसभा का टिकट दिया गया है। आपको बता दें कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए राधा मोहन अग्रवाल ने अपनी परंपरागत विधानसभा सीट को खाली कर दिया था। योगी आदित्यनाथ के लिए मार्ग प्रशस्त करने पर पुरस्कार स्वरूप उन्हें पार्टी ने यह टिकट दिया है।

भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दर्शना सिंह को भी राज्यसभा का टिकट दिया गया है। दर्शना सिंह मूल रूप से चंदौली जिले की रहने वाली हैं। वह लंबे अरसे से भारतीय जनता पार्टी में राजनीति कर रही हैं। उत्तर प्रदेश भाजपा के अलावा भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में भी विभिन्न पदों पर काम कर चुकी हैं।

गोरखपुर की चौरी चौरा विधानसभा सीट की पूर्व विधायक संगीता यादव को भारतीय जनता पार्टी ने पारितोषिक स्वरूप राज्यसभा का टिकट दिया है। दरअसल, उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के दौरान भारतीय जनता पार्टी और निषाद पार्टी के बीच हुए गठबंधन में संगीता यादव की सीट भारतीय जनता पार्टी ने निषाद पार्टी को दे दी थी। उस वक्त संगीता यादव ने पार्टी के लिए गठबंधन धर्म निभाया था। अब पार्टी ने उन्हें राज्यसभा का टिकट देकर उनके लिए राष्ट्रीय राजनीति में दरवाजे खोल दिए हैं।

भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष और फिलहाल उत्तर प्रदेश पिछड़ा वर्ग वित्त एवं विकास निगम के अध्यक्ष बाबूराम निषाद को भी राज्यसभा का टिकट दिया गया है। पिछड़े वर्ग की अति पिछड़ी जातियों में पैठ बनाए रखने के लिए भारतीय जनता पार्टी ने उन पर दांव खेला है। आपको बता दें कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में पार्टी को निषाद वोटरों को अपनी ओर खींचने के लिए निषाद पार्टी से गठबंधन करना पड़ा था। लिहाजा, भारतीय जनता पार्टी ने आंतरिक तौर पर इस बिरादरी के नेताओं को आगे बढ़ाने का फैसला लिया है।

Leave a Comment

Subscribe News Letter

Copyright © 2022 City Headlines.  All rights reserved.