सीतापुर
शाहपुर में महिलाएं छत पर खाना बना रहीं थी। बंदरों का झुंड टूट पड़ा तो महिलाओं ने रोकने की कोशिश की। बंदरों ने हमलाकर दौड़ा लिया तो दो महिलाएं छत से गिर गई। दोनों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बरई जलालपुर के पास शाहपुर में रविवार की देर शाम रेशमा पत्नी परशुराम व ज्ञानवती पत्नी अशोक छत पर खाना बना रहीं थी। अचानक बंदरों का झुंड आ गया। बंदरों ने भोजन सामग्री पर धावा बोला तो दोनों ने खदेड़ने का प्रयास किया। इस पर बंदरों ने दौड़ा लिया। बंदरों के हमले में दोनों महिलाएं छत से नीचे गिर गई। घटना से परिवार में कोहराम मच गया।
छत से गिरने के कारण रेशमा व ज्ञानवती गंभीर रूप से जख्मी हो गई। दोनों को परिवारजन जिला अस्पताल ले गए। जहां भर्ती कर इलाज शुरू किया गया। बंदरों को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है। मांग के बाद भी इनको पकड़ा नहीं जा रहा। ग्रामीणों ने बताया कि बरई जलालपुर, कमलापुर, शाहपुर, दहेलिया निरंजन, दाउदपुर के आस पास बंदरों की बहुलता है। जिस गांव में पहुंच जाते हैं, वहां नुकसान करते हैं। छत पर फैले कपड़े व रखा सामान तहस नहस कर देते हैं। विरोध जताने पर हमलावर हो जाते हैं।
बता दें कि अक्सर बंदरों के हमले में लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आती है। लोगों ने बताया कि बंदर फसलों का भी बहुत नुकसान करते हैं। फल व सब्जी की फसल को बचाना किसानों के लिए चुनौती बन गया है। खेत पर लोग न रुकें तो बंदर सब नष्ट कर देते हैं। यह मामला हमारे संज्ञान में नहीं है। संबंधित वन रेंज के कर्मचारियों को मौके पर भेजकर इसकी जांच कराएंगे। वन विभाग के प्रभागीय निदेशक बृजमोहन शुक्ला ने बंदरों को पकड़ने के लिए रणनीति तैयार की जाएगी।