City Headlines

Home » फ्री वैक्सीन को लेकर लोगों में खासा उत्साह, पैसे खर्च कर डोज लगवाने में दिखा रहे बेरुखी

फ्री वैक्सीन को लेकर लोगों में खासा उत्साह, पैसे खर्च कर डोज लगवाने में दिखा रहे बेरुखी

by City Headline

लखनऊ

प्रदेश में पैसा खर्च कर वैक्सीन की प्रीकाशन (सतर्कता) डोज लगवाने में लोग दिलचस्पी नहीं दिखा रहे हैं। 18 वर्ष से 60 वर्ष के बीच की उम्र के लोगों में मुफ्त में लगाई जा रही वैक्सीन की पहली व दूसरी डोज को लेकर खासा उत्साह है। मगर 384 रुपये खर्च कर सतर्कता डोज लगवाने में वह बेरुखी दिखा रहे हैं। उधर बुजुर्गों, फ्रंटलाइन व हेल्थ केयर वर्करों को मुफ्त में सतर्कता डोज लग रही है तो वह टीका लगवाने आगे आ रहे हैं।

प्रदेश में 18 वर्ष से अधिक उम्र के कुल 14.74 करोड़ लोगों को वैक्सीन लगाई जानी है। अब तक शत-प्रतिशत लोगों ने वैक्सीन की पहली और 13.55 करोड़ ने दोनों डोज लगवा ली है। दोनों टीका लगवा चुके 92 प्रतिशत लोगों में से अब तक 31 लाख लोग ही सतर्कता डोज लगवाने पहुंचे हैं। प्रदेश में 10.09 लाख हेल्थ केयर वर्करों में से 9.84 लाख ने टीके की पहली और 9.83 लाख ने दोनों डोज लगवा ली है।

दोनों डोज लगवाने वाले करीब 97 प्रतिशत हेल्थ वर्करों में से 6.66 लाख यानी 67 प्रतिशत ने प्रीकाशन डोज लगवाई है। वहीं 10.43 लाख फ्रंटलाइन वर्करों में से शत प्रतिशत ने टीके की दोनों और 98 प्रतिशत ने सतर्कता डोज भी लगवा ली है। वहीं 1.87 करोड़ बुजुर्गों में से 1.67 करोड़ ने टीके की दोनों डोज लगवा ली है। दोनों टीका लगवाने वाले 89 प्रतिशत बुजुर्गों में से 11.76 लाख यानी सात प्रतिशत बुजुर्ग प्रीकाशन डोज लगवा चुके हैं।

वहीं 18 वर्ष से 44 वर्ष तक की उम्र के 9.97 करोड़ लोगों में से 8.77 करोड़ ने वैक्सीन की दोनों डोज लगवा ली है। टीके की दोनों डोज लगवा चुके 87 प्रतिशत लोगों में से सिर्फ 43,558 लोग ही टीके की सतर्कता डोज लगवाने पहुंचे हैं। एक प्रतिशत व्यक्ति भी पैसा खर्च कर सतर्कता डोज लगवाने नहीं पहुंचा। यही हाल 45 वर्ष से लेकर 60 वर्ष के बीच की उम्र के लोगों का भी है।

इस आयु वर्ग के सभी 2.89 करोड़ लोग टीके की दोनों डोज लगवा चुके हैं, लेकिन सतर्कता डोज लगवाने अब तक महज 58,078 लोग ही पहुंचे हैं। मुफ्त में टीके की दोनों डोज लगवा चुके यह लोग पैसा खर्च कर प्राइवेट अस्पताल जाकर सतर्कता डोज लगवाने में दिलचस्पी नहीं दिखा रहे।

कुल 6233 टीकाकरण केंद्रों में से 6156 सरकारी और 77 प्राइवेट अस्पतालों में बनाए गए हैं। राज्य टीकाकरण अधिकारी डा. अजय घई के मुताबिक दोनों टीके लगने के नौ महीने बाद सतर्कता डोज लगाई जा रही है। अगर किसी को विदेश जाना है या कोई अन्य जरूरी कार्य है तो वह तीन महीने बाद भी टीका लगवा सकता है।

Leave a Comment

Subscribe News Letter

Copyright © 2022 City Headlines.  All rights reserved.