नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अगले महीने अप्रैल में श्रीलंका दौरे पर जाएंगे। यह जानकारी श्रीलंका के विदेश मंत्री विजिथा हेरथ ने शनिवार को संसद में दी। हेरथ ने बताया कि यह दौरा अगले महीने की शुरुआत में होगा और इसका उद्देश्य पिछले साल श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसनायके के भारत दौरे के दौरान हुए समझौतों को अंतिम रूप देना है। इस यात्रा के दौरान कई नए समझौतों पर हस्ताक्षर किए जाएंगे, साथ ही सम्पुर सौर ऊर्जा संयंत्र का उद्घाटन भी होगा। यह पीएम मोदी का 2015 के बाद से श्रीलंका का चौथा दौरा होगा। विदेश मंत्री हेरथ ने कहा कि भारत और श्रीलंका के संबंध बहुत घनिष्ठ हैं। श्रीलंका का पहला राजनयिक दौरा भारत का ही था, जहां दोनों देशों के बीच कई द्विपक्षीय समझौते हुए थे। पीएम मोदी के इस दौरे पर, सम्पुर सौर ऊर्जा संयंत्र का उद्घाटन किया जाएगा, जो पूर्वी त्रिंकोमाली जिले के सम्पुर शहर में 135 मेगावाट बिजली उत्पादन करेगा। इस परियोजना का निर्माण भारत की NTPC और श्रीलंका के सिलोन इलेक्ट्रिसिटी बोर्ड (CEB) मिलकर कर रहे हैं।