City Headlines

Home » पुलिस और गुंडई के बल पर मतदान करा रही भाजपा, कार्यकर्ताओं पर बनाए जा रहे झूठे केस

पुलिस और गुंडई के बल पर मतदान करा रही भाजपा, कार्यकर्ताओं पर बनाए जा रहे झूठे केस

by Nikhil

सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल यादव ने बृहस्पतिवार को कहा कि पुलिस और गुंडई के बल पर भाजपा मतदान करा रही है। मतदान से दो दिन पहले भाजपा सपा समर्थकों के खिलाफ झूठे मुकदमे लगवाकर पुलिस से उन्हें उठवाना शुरू कर देती है। उदी, चकरनगर और महेवा में जनसभाओं को संबोधित करते हुए शिवपाल ने कहा कि भाजपा षड्यंत्रकारी, झूठ बोलने वाली एवं भ्रष्ट, बेईमान पार्टी है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा गुंडई और पुलिस के बल पर झूठी रिपोर्ट लिखाकर लोगों को परेशान कर रही है। भाजपा सरकार षड्यंत्र करने में माहिर है। इससे बच कर रहना होगा। पुलिस के बल पर यह कभी भी हमारे नेताओं, एजेंटों पर झूठा मुकदमा लिखाकर गिरफ्तार करा सकती है। उन्होंने कहा कि 13 तारीख को चुनाव के दिन हमारे जितने नेता व एजेंट लोग हैं, पुलिस को मिलना नहीं। जसवंतनगर का चुनाव भाजपा सरकार ने पुलिस और गुंडई के बल पर कराने का काम किया। कहा कि इस सरकार ने देश का कर्जा कम करने की बजाय कर्जा और बढ़ा दिया है।

भाजपा ने किसानों और नौजवानों को ठगा : अखिलेश

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बृहस्पतिवार को कहा कि भाजपा ने किसानों और नौजवानों को ठगा है। पेपर लीक आम बात हो गई है। महंगाई और फसलों की बढ़ती लागत से किसान बेहाल है। उन्होंने चंदे के नाम पर लूट की बात भी कही।अखिलेश ने कहा कि तीन चरणों के चुनाव के रुझानों से भाजपा के लोग संतुलन खो बैठे हैं। इस कारण वह महंगाई, भ्रष्टाचार आदि बुनियादी मुद्दे भूल गए हैं। उन्होंने कहा कि 10 सालों में लोग जान गए हैं कि भाजपा ब्रह्मांड की सबसे झूठी पार्टी है। उसने किसानों को भी छला है। किसान की आय दोगुनी नहीं हुई। केवल पूंजीपतियों का ही कर्ज भाजपा ने माफ किया है। किसान का कर्ज माफ नहीं किया गया। गठबंधन की सरकार बनी तो गरीब किसानों का कर्जा माफ होगा।

उन्होंने कहा कि भाजपा ने प्रधानों से पैसा लेकर विकसित यात्रा निकाली। भाजपा ने नौजवानों को भी ठगने का काम किया है। नौजवानों की मेहनत बर्बाद की है। पर्चा लीक होना आम बात हो गई है। सपा प्रमुख बोले कि चुनाव परिणाम के बारे में सोचकर दिल्ली वाले प्रधान सांसद भी परेशान हो गए हैं। वह अब अपनों पर ही हमला करने लगे हैं। चंदे के नाम पर उन्होंने लूट की है। वैक्सीन वालों से भी चंदा लिया है। अब वैक्सीन को वापस लेने की बात हो रही है, लेकिन लगाई जा चुकीं वैक्सीन कैसे वापस होंगी।

Subscribe News Letter

Copyright © 2022 City Headlines.  All rights reserved.