कन्नौज। उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले के सदर इलाके में 17 वर्षीय दुष्कर्म पीड़िता की मां के साथ उसके आधिकारिक आवासीय क्वार्टर में दुष्कर्म करने के आरोप में एक पुलिस अधिकारी को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी इंस्पेक्टर अनूप मौर्य को निलंबित कर जेल भेज दिया गया है। अनूप मौर्य को हाल ही में इंस्पेक्टर के पद पर प्रमोशन मिला था।
पीड़ित महिला की शिकायत के अनुसार मौर्य उसकी बेटी के साथ हुए दुष्कर्म के मामले की जांच कर रहा था। उसने उसे 28 अगस्त को आधिकारिक आवासीय क्वार्टर पर बुलाया और उसके साथ दुष्कर्म किया। गिरफ्तार अधिकारी ने कहा कि उसने शिकायतकर्ता को कुछ दस्तावेजों पर उसके हस्ताक्षर लेने के लिए अपने कमरे में बुलाया था। वैसे, इस मामले में पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर हुई जांच में महिला के आरोपों की पुष्टि होने के बाद ही इंस्पेक्टर अनूप मौर्य पर कार्रवाई हुई है।
कन्नौज के एसपी कुंवर अनुपम सिंह ने कहा कि पीड़िता के आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए हैं। इंस्पेक्टर को निलंबित कर दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। उन्होंने कहा कि सर्किल अधिकारी सदर शिव प्रताप सिंह को घटना की शुरुआती जांच करने के लिए कहा गया था। उन्होंने मौर्य को दोषी पाया।