City Headlines

Home Accident नोएडा में दीवार गिरी, चार की मौत, आठ घायल

नोएडा में दीवार गिरी, चार की मौत, आठ घायल

by City Headline
Noida, wall, fall, CM, Yogi, death

नोएडा। उत्तर प्रदेश के नोएडा में मंगलवार को एक दीवार ढह जाने से कम से कम चार लोगों की मौत हो गयी और आठ अन्य घायल हो गये। नोएडा के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त रजनीश वर्मा ने बताया कि नोएडा के सेक्टर 21 स्थित जलवायु विहार कालोनी की दीवार ढहने से मलबे में दबकर चार लोगों की मौत हो गयी। उन्होंने बताया कि दीवार के नीचे दबने वाले आठ अन्य लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया। मलबे में दब कर घायल हुए आठ लोगों को अस्पताल भेज दिया गया है।
वर्मा ने बताया कि राहत एवं बचाव कार्य पूरा कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि यह घटना उस समय हुयी जब दीवार से लगे एक नाले की सफाई की जा रही थी। इस घटना में हताहत हुए सभी लोग बदायूं जिले के निवासी बताये गये हैं। ये सभी नोएडा विकास प्राधिकरण में बतौर मजदूर काम करते हैं। हादसे के बारे में मिली शुरुआती जानकारी में दीवार के मलबे में 13 लोगों के दबे होने की आशंका व्यक्त की गयी थी। पुलिस सूत्रों ने बताया कि जलवायु विहार आवासीय परिसर की यह दीवार लगभग 30 साल पुरानी थी। दीवार ढहने के बाद अग्निशमन विभाग और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) ने राहत एवं बचाव के लिये संयुक्त अभियान चलाया।

राज्य के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना पर दुख व्यक्त करते हुए नोएडा के जिलाधिकारी और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल घटना स्थल पर पहुंच कर राहत एवं बचाव अभियान शुरु करने का निर्देश दिया। उन्होंने मृतकों के परिजनों को सांत्वना प्रदान करते हुए घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है। योगी ने मुख्यमंत्री आपदा राहत कोष से मृतकों के परिजनों को चार चार लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान करने का निर्देश दिया। इस घटना पर राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने भी दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की है। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।