City Headlines

Home » नमस्ते लखनऊ विद राजनाथ सिंह में बोले रक्षामंत्री, आज का भारत नहीं करेगा परिणामों की चिंता

नमस्ते लखनऊ विद राजनाथ सिंह में बोले रक्षामंत्री, आज का भारत नहीं करेगा परिणामों की चिंता

by City Headline

लखनऊ इंटेलेक्चुअल फाउंडेशन द्वारा आयोजित नमस्ते लखनऊ विद राजनाथ सिंह कार्यक्रम में शहर को बेहतर बनाने के लिए प्रबुद्धजन ने सुझाव दिए। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि लखनऊ का विकास तेजी से हो रहा है। चाहे कोई संसदीय निर्वाचन क्षेत्र हो, राज्य हो या देश, कोई दावा नहीं कर सकता कि वहां का समग्र विकास हुआ है। हमने पहले दिन से बस ईमानदारी प्रयास किया है। रिंग रोड का काम अब तक पूरा हो जाना चाहिए था।जितना उस काम की प्रगति होनी चाहिए थी, वह नहीं हुआ है।

104 किमी की रिंग रोड हमारा ड्रीम प्रोजेक्ट है। यह बन जाने के बाद भारत के किसी कोने से कोई लखनऊ आना चाहता है तो वह सीधे इस रिंग रोड से अपने मोहल्ले, अपने घर पहुंचेगा। रेलवे स्टेशन का डेवलपमेंट भी चल रहा है। गोमती नगर स्टेशन को वर्ल्ड क्लास बनाने का काम हो रहा है। हमारी कल्पना को पूरा करने के लिए पैसे का संकट नहीं है। चारबाग स्टेशन के लिए बहुत सारी चीजें करने की योजना है।

प्रदेश की जनता संतुष्ट है, अगर संतुष्ट नहीं होती तो इतना भारी जनाधार नहीं मिलता। अंतरराष्ट्रीय जगत में भारत की प्रतिष्ठा और विश्वसनीयता बढ़ी है। पहले भारत यदि अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत अपनी बात को रखता था तो उतना गंभीरता से नहीं लिया जाता था, आज भारत की बातों को गंभीरतापूर्वक सुना जाता है।भारत की साख दुनिया में बढ़ी है। दुनिया के किसी भी देश की ताकत का मूल्यांकन सीमाओं की रक्षा करने की क्षमता और अर्थव्यवस्था पर आधारित होती है।

हमारी अर्थव्यवस्था का आकार उतना बड़ा नहीं है, पर हमारा स्वप्न है कि आगामी दस वर्षों में हमारा भारत ईकोनोमी में टाप तीन देशों में शामिल हो जाए।कोरोना और यूक्रेन युद्ध के बावजूद जीडीपी ग्रोथ रेट में भारत आगे बढ़ रहा है। वर्ल्ड हेल्थ ऑर्गनाइजेशन ने भी हमारी प्रशंसा की है। अर्थव्यवस्था का आकार बढ़ाने के लिए ट्रेड अग्रीमेंट की दिशा में भी प्रयास हो रहे हैं।

जनधन योजना को भी विश्व में सराहा गया है। यह करिश्मा है कि गांव के कोने कोने तक के व्यक्ति को फार्मूल बैंकिंग सिस्टम से जोड़ा है। आज हम कोई सुविधा पहुंचाना चाहते हैं तो सीधे खाते में पहुंचता है। लीकेज की संभावना खत्म हुई है। केवल संस्कारित करके नहीं, व्यवस्था में परिवर्तन लाकर भ्रष्टाचार पर अंकुश लगा सकते हैं।अब सब डिजिटल हुआ है, जिससे भ्रष्टाचार पर भी अंकुश लगा है।

भारत ने अपनी ताकत का संदेश पूरे विश्व को दिया है। आज का भारत परिणामों की चिंता नहीं करेगा, स्वाभिमान से समझौता नहीं करेगा। हम अपने देश की सुरक्षा व्यवस्था को दुनिया के दूसरे देशों पर आश्रित नहीं रखना चाहते है। हमने सूची जारी की है, अब हथियार भारत में बनेंगे। ऐसे 309 आइटम घोषित किए हैं, जो बाहर से नहीं मंगाया जाएगा। प्राइवेट इंडस्ट्री को खड़ा करने की भी व्यवस्था हमने की है।

Leave a Comment

Subscribe News Letter

Copyright © 2022 City Headlines.  All rights reserved.